अवैध खनन से खड्डें छलनी, खतरे में आशियाने
जनाक्रोश पदयात्रा में पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग बोले, कांग्रेस की शह पर चल रहा खनन का खेल
स्टाफ रिपोर्टर, घुमारवीं
कांग्रेस सरकार की दस गारंटियों और कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ भाजपा की जनाक्रोश पदयात्रा पनौल पंचायत के कुरलाग और हड़सर गांव पहुंची। यहां भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने घर-घर जाकर लोगों से संवाद किया और प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि तकनीकी शिक्षा मंत्री की शह पर बिलासपुर जिले में अवैध खनन धड़ल्ले से हो रहा है, जबकि पुलिस और प्रशासन मूकदर्शक बने हुए हैं। गर्ग ने कहा कि खड्डों में लगातार हो रहे अवैध खनन से उनका प्राकृतिक स्वरूप बिगड़ रहा है। इससे पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान पहुंच रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री के दबाव में पुलिस और प्रशासन प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं, जिसके चलते अवैध खनन पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। पूर्व मंत्री ने कहा कि खड्डों में अनियंत्रित खनन के गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं। इससे भूजल स्तर प्रभावित होने पर भविष्य में लोगों को पानी की किल्लत झेलनी पड़ सकती है। वहीं, खड्डों के प्राकृतिक स्वरूप से छेड़छाड़ बरसात के दौरान बाढ़ के खतरे को बढ़ा सकती है। उन्होंने मांग की कि जिले में हो रही खनन गतिविधियों की निष्पक्ष जांच करवाई जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। जनाक्रोश पदयात्रा के दौरान गर्ग ने कांग्रेस सरकार की दस गारंटियों और कथित जनविरोधी नीतियों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा गांव.गांव पहुंचकर लोगों से संवाद कर रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
