मगनपुरा में अवैध खनन पर दबिश

By: Oct 9th, 2026 12:54 am

जेसीबी और दो टिप्पर जब्त, खनन के वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाए चालक
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नालागढ़
नालागढ़ के मगनपुरा गांव के पास अवैध खनन में जुटी एक जेसीबी और दो बिना नंबर के टिप्परों को पुलिस ने जब्त किया है। गुरुवार को गश्त और चैकिंग के दौरान पुलिस टीम ने मौके पर जेसीबी से खनन सामग्री खोदकर टिप्परों में भरते हुए पाया। तीनों चालक खनन और खनन सामग्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। पुलिस ने उनके खिलाफ माइनिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसारए पुलिस थाना नालागढ़ की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी।

मगनपुरा के पास पहुंचने पर टीम ने एक जेसीबी को खनन सामग्री खोदते और दो टिप्परों में लोड करते देखा। जेसीबी चालक की पहचान लखविन्द्र सिंह पुत्र जरनैल सिंह निवासी गांव धुंधली डाकघर भाटियां तहसील नालागढ़ के रूप में हुई है। टिप्पर चालकों में विक्की पुत्र रति राम निवासी गांव दवट डाकघर मजारी तहसील नैना देवी जिला बिलासपुर और विक्रम सिंह पुत्र अंग्रेज सिंह निवासी गांव मसलोत शामिल हैं। एसपी विनोद धीमान ने बताया की पुलिस ने दोनों टिप्परों को जब्त कर तीनों चालकों के खिलाफ कार्रवाई की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App