पलोहटा-दो क्लस्टर में मोनोरेल का लोकार्पण

By: Oct 23rd, 2026 12:56 am

बागबानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने किया सुविधा का शुभारंभ, ढुलाई में समय की होगी बचत
स्टाफ रिपोर्टर- सुंदरनगर
राजस्व, बागबानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने सुंदरनगर के अंतर्गत एचपी शिवा परियोजना के पलोहटा-दो क्लस्टर में 25 लाख रुपये की लागत से स्थापित मोनोरेल का विधिवत उद्घाटन किया। जगत सिंह नेगी ने कहा कि बागबानी क्षेत्र में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। मोनोरेल के माध्यम से बागवानों को खाद, उर्वरक और अन्य कृषि सामग्री पौधों तक पहुंचाने के साथ-साथ फल तैयार होने पर उनकी ढुलाई में भी सुविधा मिलेगी। इससे श्रम और समय की बचत होगी तथा बागवानी कार्यों को अधिक सुविधाजनक बनाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि जब वह पिछली बार इस क्लस्टर के दौरे पर आए थे, तब बागवानी कार्यों को आसान बनाने के उद्देश्य से यहां मोनोरेल स्थापित करने का विचार सामने आया था। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की एचपी शिवा परियोजना हिमाचल के निचले क्षेत्रों में बागवानी आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की महत्वाकांक्षी योजना है जिस पर लगभग 1,100 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत प्रदेश के सात जिलों में करीब 6,000 हेक्टेयर क्षेत्र में बागवानी गतिविधियों को विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।

प्राकृतिक आपदा के कारण परियोजना के कार्यों में कुछ विलंब हुआ है, लेकिन अब विभिन्न क्षेत्रों में कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। मंडी जिले में लगभग 1,000 हेक्टेयर क्षेत्र में बागवानी विकास का कार्य पूरा करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। फरवरी माह तक निर्धारित क्षेत्र में पौधरोपण कार्य पूरा करने का लक्ष्य है। इससे पूर्व जिला समन्वयक एचपी शिवा एवं विषय विशेषज्ञ उद्यान राजेश शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर, राज्य अनुसूचित जाति, जनजाति विकास निगम के अध्यक्ष लाल सिंह कौशल, हि.प्र. जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा, कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष नरेश चौहान, हि.प्र. एससी सेल के उपाध्यक्ष ब्रह्म दास चौहान, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दीप शर्मा, पलोहटा-2 क्लस्टर के प्रधान मनीष शर्मा, निदेशक उद्यान सतीश शर्मा, अतिरिक्त निदेशक उद्यान विद्याप्रकाश बैंस, उपमंडलाधिकारी नागरिक सुन्दरनगर अमर नेगी, उप निदेशक मंडी संजय गुप्ता व बिलासपुर जगदीश वर्मा, डीएसपी भारत भूषण सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App