इंडिया गठबंधन की ‘लंच डिप्लोमेसी’, राहुल गांधी बोले- मेरे खिलाफ 47 FIR, हर FIR मेरे लिए मेडल
नई दिल्ली। कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन ने अपना विरोध तेज कर दिया है। चुनाव आयोग के कार्यालय के पास मंगलवार को प्रदर्शन के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को इंडिया गठबंधन के सांसदों और वरिष्ठ नेताओं के लिए लंच का आयोजन किया। जनपथ रोड स्थित सागर रत्ना रेस्टोरेंट में आयोजित इस लंच में लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा सहित इंडिया गठबंधन के कई सांसद शामिल हुए। लंच के बाद खड़गे ने कहा कि चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन जारी रहेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतंत्र को खत्म करने और लोगों के अधिकार छीनने की कोशिश की जा रही है। विपक्ष अपनी बात पूरे देश तक पहुंचाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्ष डरने वाला नहीं, बल्कि लड़ने वाला है और पूरा इंडिया गठबंधन मिलकर यह लड़ाई लड़ेगा। राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा। उन्होंने कहा, “मेरे ऊपर 47 FIR हैं, वे चाहें तो 100 FIR और कर लें। मेरे लिए हर FIR एक मेडल है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त देश के लोकतंत्र को खत्म कर रहे हैं और इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष मंगलवार को चुनाव आयोग जाना चाहता था, लेकिन अब सांसद जंतर-मंतर जाएंगे। गौरतलब है कि इंडिया गठबंधन कथित वोट चोरी के मुद्दे पर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग पर अड़ा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक विपक्षी गठबंधन इस मामले को लेकर राष्ट्रपति से मुलाकात का समय भी मांगेगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
