आंतरिक मामलों में दखल न दे यूएन, CJP प्रदर्शन पर UN की टिप्पणी से नाराज भारत की दोटूक

By: Oct 12th, 2026 12:08 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

दिल्ली में शनिवार को हुए विरोध प्रदर्शन की घटनाओं पर संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त कार्यालय की टिप्पणी पर भारत ने आपत्ति जताई है। भारत ने कहा कि ओएचसीएचआर की चिंताएं बेबुनियाद हैं और ये भारत के अंदरूनी मामलों में अस्वीकार्य हस्तक्षेप हैं। ओएचसीएचआर ने दिल्ली में प्रदर्शन से पहले और उस दौरान प्रदर्शनकारियों, सिविल सोसायटी के लोगों, वकीलों और पत्रकारों को हिरासत में लिए जाने की खबरों पर चिंता जताई थी। साथ ही शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार का सम्मान करने, पुलिस कार्रवाई में संयम बरतने और मनमाने ढंग से हिरासत में लिए गए सभी लोगों को तुरंत और बिना शर्त रिहा करने की अपील की थी।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सामने आई इस टिप्पणी को भारत ने सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि देश की संप्रभुता और आंतरिक मामलों में इस तरह की बयानबाजी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भारत ने दोटूक कहा कि यूएन को अपने वैश्विक जनादेश का पालन करते हुए निष्पक्षता और बिना किसी भेदभाव के दुनिया के अन्य हिस्सों में हो रहे बड़े पैमाने के प्रदर्शनों पर भी ध्यान देना चाहिए। भारत ने लोकतांत्रिक मूल्यों को रेखांकित करते हुए कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, जहां नागरिकों को शांतिपूर्ण सभा करने का संवैधानिक अधिकार प्राप्त है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App