अंडर-19 एशिया कप में भारत बनाम पाक मैच आठ नवंबर को, ओमान में टूर्नामेंट, आठ टीमों के बीच खेले जाएंगे मुकाबले

By: Oct 8th, 2026 10:35 pm

ओमान में पांच नवंबर से टूर्नामेंट, आठ टीमों के बीच खेले जाएंगे मुकाबले

एजेंसियां— दुबई

एशियन क्रिकेट काउंसिल ने अंडर-19 एशिया कप 2026 का शेड्यूल जारी कर दिया है। टूर्नामेंट पांच नवंबर से ओमान में शुरू होगा और 14 नवंबर को फाइनल खेला जाएगा। इस बार आठ टीमें खिताब के लिए उतरेंगी और सभी मुकाबले मस्कट स्थित ओमान क्रिकेट अकादमी के ग्राउंड-1 और ग्राउंड-2 पर खेले जाएंगे। भारत अपने अभियान की शुरुआत छह नवंबर को नेपाल के खिलाफ करेगी। इसके दो दिन बाद आठ नवंबर को पाकिस्तान से मुकाबला होगा। ग्रुप स्टेज में भारत का आखिरी मैच 10 नवंबर को यूएई के खिलाफ होगा।

टूर्नामेंट 50-ओवर फॉर्मेट में होगा और कुल 15 मुकाबले खेले जाएंगे। भारत को ग्रुप-ए में पाकिस्तान, यूएई और नेपाल के साथ रखा गया है। वहीं, ग्रुप-बी में बांग्लादेश, अफगानिस्तान, श्रीलंका और मलेशिया शामिल हैं।

भारत ने आठ बार जीता अंडर-19 एशिया कप

भारत ने अंडर-19 एशिया कप के आठ खिताब 1989, 2003, 2012, 2013-14, 2016, 2018, 2019 और 2021 में जीते हैं। 2012 में भारत और पाकिस्तान संयुक्त विजेता रहे थे। बांग्लादेश ने 2023 और 2024 में लगातार दो खिताब जीते, जबकि अफगानिस्तान 2017 में पहली बार चैंपियन बना।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App