महंगाई ने बढ़ाई आम आदमी की परेशानी, सितंबर में खुदरा महंगाई दर 5.54% पर पहुंची

By: Oct 12th, 2026 4:51 pm

नई दिल्ली। खाने-पीने की चीजों के दाम तेजी से बढ़ने से उपभोक्ता मूल्य आधारित मुद्रास्फीति की दर यानी खुदरा महंगाई सितंबर में 5.54 प्रतिशत पर पहुंच गई। खुदरा महंगाई अगस्त में 4.83 प्रतिशत रही थी। इस दौरान खुदरा खाद्य महंगाई अगस्त के 5.97 प्रतिशत से बढ़कर सितंबर में 7.74 प्रतिशत दर्ज की गई। एक बार फिर शहरों की तुलना में ग्रामीण इलाकों में महंगाई की मार ज्यादा दिखी। शहरी इलाकों में मुद्रास्फीति की दर 4.88 प्रतिशत और ग्रामीण इलाकों में 6.08 प्रतिशत रही। ग्रामीण इलाकों में खुदरा खाद्य महंगाई 8.06 प्रतिशत और शहरी इलाकों में 7.18 प्रतिशत रही।

केंद्रीय सांख्यिकी कार्यालय के सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, सितंबर में खाने-पीने की चीजों के अलावा रेस्त्रां एवं आवासीय सेवाएं एक साल पहले के मुकाबले 9.36 प्रतिशत और परिवहन सेवाएं 5.01 प्रतिशत महंगी हुई हैं। परिवहन सेवाओं में माल ढुलाई 15 प्रतिशत महंगी हुई और मुद्रास्फीति बढ़ाने में इसका बड़ा योगदान रहा। सोने-चांदी के दाम बढ़ने से निजी सौंदर्य प्रसाधन, सामाजिक सुरक्षा और विविध वस्तुओं एवं सेवाओं के वर्ग में महंगाई दर 13.75 प्रतिशत रही।

रिजर्व बैंक ने गत 07 अक्तूबर को मौद्रिक नीति बयान में महंगाई बढ़ने की आशंका जताई थी। उसने कहा था कि पश्चिम एशिया युद्ध के प्रभावों का दूसरे चक्र का असर अब दिखने लगा है। केंद्रीय बैंक ने चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही (जुलाई-अगस्त 2026) में खुदरा महंगाई 4.9 प्रतिशत, तीसरी तिमाही में छह प्रतिशत और चौथी तिमाही में 5.7 प्रतिशत रहने का अनुमान व्यक्त किया है।

महंगाई के आज जारी आंकड़ों में बताया गया है कि सितंबर में प्याज की औसत कीमत एक साल पहले के मुकाबले 108 प्रतिशत, चांदी के गहनों की 88 प्रतिशत, अदरक की 63 प्रतिशत, लहसून की 55 प्रतिशत और नींबू की 36 प्रतिशत बढ़ी। वहीं, आलू 12 प्रतिशत, टमाटर नौ प्रतिशत, मोटर वाहन पांच प्रतिशत और भिंडी तथा नारियल चार-चार प्रतिशत सस्ता हुआ है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App