11 से 14 नवंबर तक होगा अंतरराष्ट्रीय लवी मेले का आयोजन, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां

By: Oct 12th, 2026 5:17 pm

धर्मेंद्र सिंह बोज्ञाटो, रामपुर

रामपुर बुशहर। अंतरराष्ट्रीय लवी मेले की तैयारियों को लेकर सोमवार को रामपुर में उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक में 11 नवंबर से लेकर 14 नवंबर तक मेले के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। उपायुक्त ने सभी विभागों को अभी से तैयारियां शुरू करने और अपने-अपने स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में लवी मेले की ऐतिहासिक पहचान और बुशहर रियासत की समृद्ध विरासत को प्रदर्शित करने के साथ स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक हस्तशिल्प और संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। इसके लिए मेले में ऐतिहासिक एवं विरासत प्रदर्शनी लगाने, पुरानी तस्वीरों और दस्तावेजों के माध्यम से बुशहर के इतिहास को प्रदर्शित करने तथा पारंपरिक हस्तशिल्प, हथकरघा, ऊनी उत्पादों और पारंपरिक आभूषणों की प्रदर्शनी लगाने की योजना पर चर्चा की गई।

मेले में स्थानीय कृषि उत्पादों, सेब एवं बागवानी, पारंपरिक व्यंजनों और स्वयं सहायता समूहों तथा किसान उत्पादक संगठनों के उत्पादों को भी प्रदर्शित करने पर जोर रहेगा। इसके अलावा पारंपरिक वास्तुकला, स्थानीय शिल्प के लाइव प्रदर्शन, स्थानीय उत्पादों और एक जिला एक उत्पाद योजना से जुड़े उत्पादों को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर चर्चा की गई। रामपुर की विरासत से लोगों को परिचित करवाने के लिए हेरिटेज वॉक, पारंपरिक लवी बाजार और हाट जैसी गतिविधियां भी प्रस्तावित हैं।

बैठक में सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी से जुड़ी गतिविधियों को भी मेले का हिस्सा बनाने पर चर्चा हुई। नशा मुक्त हिमाचल, सड़क सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त मेले के आयोजन पर जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर, जल संरक्षण, साइबर सुरक्षा तथा महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले से संबंधित व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य किया जाए। मेले में आने वाले लोगों की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए विभाग अपनी जिम्मेदारियों के अनुरूप योजना तैयार करें, ताकि आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाया जा सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App