झंकार 2026: शिमला विश्वविद्यालय में डांस का महाकुंभ, कला और संस्कृति का अद्भुत संगम!
शिमला। शुक्रवार को शिमला (एपीजी) विश्वविद्यालय के कैंपस में एमबीए एवं कॉमर्स विभाग की ओर से डीन डॉ. नीति नाग की अगुवाई में दो दिवसीय इंटर-कॉलेज डांस प्रतियोगिता “झंकार 2026: नेक्स्टजेन मल्टी कैंपस डांस कॉम्पिटिशन” का आयोजन किया गया। यह रोमांचक कार्यक्रम शिमला विश्वविद्यालय और नेक्स्टजेन सीटीपीएल के सौजन्य से आयोजित किया गया। झंकार-2026 डांस प्रतियोगिता में हिमाचल, शिमला यूनिवर्सिटी और राजस्थान सहित देश के कई प्रमुख कॉलेजों और परिसरों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न राज्यों से शिमला विश्वविद्यालय में पहुंचे प्रतिभागी विद्यार्थियों ने विभिन्न राज्यों के सुंदर और आकर्षक लोक नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत इन डांस प्रस्तुतियों ने उपस्थित गणमान्य लोगों और हर दर्शक का मन मोह लिया।
इस भव्य आयोजन में शिमला विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, डीन और शिक्षकगण बड़े पैमाने पर मौजूद रहे, जिन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इस प्रतियोगिता में जाने-माने थियेटर व डांस कलाकार डॉ. नरेश कुमार कोंडल और डांस आर्टिस्ट मीनाक्षी शर्मा ने बतौर निर्णायक मंडल के सदस्य के रूप में शिरक़त की। उन्होंने बेहतरीन डांस परफॉर्मेंस देने वाले विद्यार्थियों के परिणामों की घोषणा की और उनकी कला की भूरी-भूरी प्रशंसा भी की। इस अवसर पर शिमला विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. आर. एल. शर्मा, डीन फैकल्टी डॉ. अश्वनी शर्मा, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. नीलम शर्मा, डीन एकेडमिक्स डॉ. आनंद मोहन, डीन हेल्थ एंड एलाइड साइंसेज डॉ. टीना शर्मा उपस्थित रहे।
मैनेजमैंट विभाग की डीन डॉ. नीति नाग ने बताया कि डांस के ज़रिए एकता, यह प्रतियोगिता सिर्फ एक मुकाबला नहीं है, बल्कि अलग-अलग राज्यों और संस्कृतियों को एक सूत्र में पिरोने का माध्यम भी है। विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि कला की कोई भाषा या सीमा नहीं होती। यह विविधता में एकता और आपसी भाईचारे की भावना को और अधिक मज़बूत करती है। वहीं डीन फैकल्टी डॉ. अश्वनी शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं होते, बल्कि ये व्यावहारिक शिक्षा और व्यक्तित्व विकास का एक अहम हिस्सा हैं। जब विद्यार्थी अपनी पढ़ाई के दौरान इस तरह की बड़े स्तर की गतिविधियों में भाग लेते हैं, तो उनमें नेतृत्व क्षमता, टीम स्पिरिट, आत्मविश्वास और प्रबंधन की कला का विकास होता है, जो उनके भविष्य और प्रोफेशनल करियर के लिए बेहद मददगार साबित होता है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
