Kangra News: धर्मशाला में किराये के कमरे से 120.23 ग्राम चरस बरामद, तीन गिरफ्तार
स्टाफ रिपोर्टर-धर्मशाला।
कांगड़ा पुलिस की सीआईए टीम ने धर्मशाला में एक किराये के कमरे में दबिश देकर 120.23 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने मौके से तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत पुलिस थाना धर्मशाला में मामला दर्ज किया है। मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को सीआईए टीम को गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर टीम ने धर्मशाला थाना क्षेत्र में स्थित एक किराये के कमरे में दबिश दी। तलाशी के दौरान कमरे में मौजूद तीन युवकों के कब्जे से 120.23 ग्राम चरस बरामद हुई।
आरोपियों की पहचान जितेंद्र (23) और शिव कुमार (19), निवासी गांव टाकवास, तहसील पांगी, जिला चंबा तथा अमित कुमार (29), निवासी गांव कैथन, तहसील ज्वालामुखी, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी चरस कहां से लेकर आए थे और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी। मामले में नशे की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
उधर, एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। नशे की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
