Kangra News: बनोई पुल के पास 5.72 ग्राम चिट्टे के साथ कांगड़ा का युवक गिरफ्तार

By: Oct 18th, 2026 10:55 am

स्टाफ रिपोर्टर- धर्मशाला।

कांगड़ा पुलिस की सीआईए टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शनिवार देर रात बनोई पुल के पास एक युवक को 5.72 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रोहित वोहरा (26) निवासी वार्ड नंबर तीन, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, देर रात सीआईए टीम को गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस थाना गगल के अंतर्गत शाहपुर-गगल राष्ट्रीय राजमार्ग पर बानोई पुल के पास गश्त और नाकाबंदी की गई। इसी दौरान संदेह के आधार पर एक युवक को पूछताछ के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 5.72 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी नशा कहां से लेकर आया था और इस मामले में उसके अन्य संपर्क किन लोगों से हैं। कांगड़ा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App