SIR के खिलाफ दिल्ली में होगी बड़ी रैली, सीएम का खुलासा, इंडिया गठबंधन मिलकर लड़ेगा लड़ाई

By: Oct 19th, 2026 12:08 am

शिमला लौटते ही सीएम का खुलासा, इंडिया गठबंधन मिलकर लड़ेगा लड़ाई

मुख्यमंत्री बोले, हाईकमान से चर्चा के बाद जल्द होगा प्रदेश मंत्रिमंडल का विस्तार

वरिष्ठ संवाददाता — शिमला

एसआईआर के खिलाफ दिल्ली में कांग्रेस की बड़ी रैली होगी। इस मुद्दे पर इंडिया गठबंधन मिलकर लड़ाई लड़ेगा। रविवार को दिल्ली से लौटने के उपरांत शिमला में मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने यह खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार को दिल्ली बुलाया गया था। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि एसआईआर का असर हर जगह होगा, इसमें कोई दो राय नहीं है। एक विधानसभा क्षेत्र से दो या तीन हजार वोट कट जाएं, तो किस तरफ पलड़ा जाता है, इससे फर्क तो पड़ता ही है। कोई मुद्दा जब पकड़ में आया है, तो इसके खिलाफ आवाज उठाना लोकतंत्र में विपक्षी दल की मुख्य भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि देश में विपक्षी पार्टी कांग्रेस है और राहुल गांधी के नेतृत्व में लोकतंत्र को जिंदा रखने की लड़ाई लड़ रही है। आंदोलन करना इसलिए भी हमारा दायित्व है, क्योंकि एसआईआर के जरिए कुछे चीजें गलत हुई हैं।

जल्द बनेंगे नए मंत्री

मुख्यमंत्री के अचानक दिल्ली की तरफ रुख करने के बाद शुरू हुई चर्चाओं के बीच मीडिया से बातचीत में सुखविंदर सिंह सुक्खू का बड़ा बयान सामने आया है। मुख्यमंत्री ने साफ कर दिया है कि सरकार के चार वर्ष का कार्यकाल पूरा होने से पहले प्रदेश में कैबिनेट का विस्तार होगा। मीडिया के सवालों की जवाब देते हुए सीएम ने कहा कि अभी सरकार के चार वर्ष पूरे होने के लिए समय है और यह अवधि पूरा होने से पहले कैबिनेट विस्तार और फेरबदल करना है। इन सब पर हाईकमान से बात करनी है और उसके बाद ही आगे कोई फैसला किया जा सकता है। बता दें कि मुख्यमंत्री शनिवार अचानक दिल्ली रवाना हुए थे।

सुंदर सिंह ठाकुर भी साथ

कुल्लू से विधायक सुंदर सिंह ठाकुर भी दिल्ली पहुंचे थे। लिहाजा इसी के चलते प्रदेश में चर्चाओं का दौर आरंभ हो गया था कि मुख्यमंत्री दिल्ली में कैबिनेट विस्तार को लेकर हाईकमान से चर्चा कर सकते है। उधर, प्रदेश की सुक्खू सरकार का दिसंबर माह में चार वर्ष का कार्यकाल पूरा हो रहा है। प्रदेश में एक कैबिनेट पद समेत विस उपाध्यक्ष व चीफ व्हिप के पद पर ताजपोशी होनी है। लिहाजा इसी के चलते मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे को लेकर प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल पर हाइकमान से चर्चा करने के साथ जोड़ कर देखा जा रहा था। बहरहाल रविवार को दिल्ली लौटने के बाद मुख्यमंत्री ने इस पर पूरी तस्वीर साफ कर दी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App