महिलाओं की आंखों में मिर्च डाल गहने लूटने वाला गिरफ्तार, डोडा का रहने वाला है 26 वर्षीय आरोपी
अमन वर्मा—शिमला
राजधानी शिमला के कुमारसैन में महिलाओं की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर सोने के आभूषण छीनने की तीन अलग-अलग वारदातों को सुलझाते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 26 वर्षीय जेल सिंह पुत्र करण सिंह निवासी जिला डोडा, जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है। एएसपी शिमला मेहर पंवर ने बताया कि प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि आरोपी को नूरपुर पुलिस के सहयोग से पांच अक्तूबर को हिरासत में लेकर कुमारसैन लाया गया। इसके बाद तीनों मामलों की पीडि़त महिलाओं ने आरोपी की पहचान भी की है। पुलिस के अनुसार पहला मामला 31 अगस्त 2026 को एफआईआर नंबर 69/2026 के तहत दर्ज किया गया था।
शिकायतकर्ता सीमा देवी ने बताया था कि जुब्बड़ के पास रास्ते में एक व्यक्ति ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया और दोनों कानों की बालियां छीनकर फरार हो गया। इसके बाद 14 सितंबर को एफआईआर नंबर 71/2026 दर्ज हुई। इस मामले में कण्डयाली के पास एक महिला की आंखों में मिर्च डालकर उसके दोनों कानों की सोने की बालियां छीन ली गई थीं। तीसरी वारदात 26 सितंबर को सामने आई। इस संबंध में एफआईआर नंबर 72/2026 दर्ज की गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी लगातार तीन दिनों तक पीडि़ता के ढाबे पर आता रहा और उसकी गतिविधियों पर नजर रखता रहा। 26 सितंबर को जब महिला ढाबे पर अकेली थी, तो आरोपी ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डालकर गले से मंगलसूत्र छीन लिया और मौके से फरार हो गया। जांच के दौरान पुलिस ने तीनों वारदातों के तरीके का विश्लेषण किया तो इनमें काफी समानता सामने आई। पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात से पहले घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों की रेकी करता था। वह महिलाओं की आवाजाही और उनके आने-जाने के रास्तों पर नजर रखता था तथा ऐसे समय का इंतजार करता था, जब महिला सुनसान या अपेक्षाकृत एकांत रास्ते पर अकेली हो।
मौका मिलते ही आंखों में मिर्च पाउडर डालकर महिला को असहाय किया जाता और उसके पहने हुए सोने के आभूषण छीन लिए जाते थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने और पुलिस की नजर से बचने के लिए सुनसान स्थानों को चुनता था तथा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी से बचने का प्रयास करता था। इसके बावजूद कुमारसैन पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मानव खुफिया तंत्र की मदद से आरोपी की पहचान स्थापित कर ली। जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन नूरपुर में मिली। इसके बाद कुमारसैन पुलिस ने नूरपुर पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर पांच अक्तूबर को आरोपी को हिरासत में लिया। उसे कुमारसैन थाना लाने के बाद तीनों मामलों की शिकायतकर्ताओं से पहचान करवाई गई, जिसमें आरोपी की पहचान हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना सिहुंता, जिला चंबा में 5 मार्च 2026 को एफआईआर नंबर 16/2026, धारा 304(2) बीएनएस के तहत स्नैचिंग का मामला दर्ज है। एएसपी मेहर पंवर ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अब उसे अदालत में पेश किया जाएगा। तीनों मामलों में पुलिस की जांच जारी है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
