करवा चौथ पर बाजार गुलजार

By: Oct 29th, 2026 12:02 am

त्योहारी खरीददारी ने बढ़ाई बाजारों की रौनक, बाजारों में उमड़ी महिलाएं

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
करवा चौथ पर्व को लेकर बुधवार को चंबा शहर के बाजारों में महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी। मनियारी, मिठाई, फल, कपड़ों और सर्राफा की दुकानों पर महिलाओं ने परिवार के सदस्यों के साथ जमकर खरीददारी की। वहीं, ब्यूटी पार्लरों में भी सजने-संवरने के लिए महिलाओं की आवाजाही बढ़ी रही। दुकानदार ग्राहकों को नामी कंपनियों के उत्पाद खरीदने के लिए आकर्षित करते नजर आए। देर शाम तक बाजारों में खूब रौनक रही। करवा चौथ के व्रत को लेकर सुबह से ही जिला के विभिन्न हिस्सों से महिलाओं के चंबा बाजार पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।

महिलाओं ने अपनी पसंद के कपड़े, आभूषण, शृंगार सामग्री और फल खरीदे। बाजार में बढ़ती भीड़ के चलते पुलिस को यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। शहर के कुछ हिस्सों में जाम की समस्या भी देखने को मिली। करवा चौथ के मद्देनजर चंबा के मुख्य बाजार, चौगान नंबर दो और मुख्य सडक़ों पर अस्थायी दुकानें भी सजाई गई हैं। हालांकि, महिलाओं की भारी भीड़ के आगे दुकानों की संख्या कम नजर आई। आगामी दिनों में त्योहारों के चलते बाजारों में लोगों की आवाजाही और बढऩे की उम्मीद है। बुधवार को बाजार में खरीददारी के लिए उमड़ी भीड़ से दुकानदारों के चेहरे खिले रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App