4 साल में 12 लाख से अधिक OPD, AIIMS बिलासपुर की उपलब्धियों पर नड्डा ने थपथपाई पीठ
बिलासपुर। एम्स बिलासपुर के प्रथम दीक्षांत समारोह में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री एवं राज्यसभा सांसद जगत प्रकाश नड्डा ने संस्थान की तेज प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि इतने कम समय में एम्स बिलासपुर ने जिस गति से स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया है, वह उत्साहजनक है। उन्होंने कहा कि पिछले करीब चार वर्षों में संस्थान की ओपीडी में मरीजों की संख्या 12 लाख से अधिक और आईपीडी में भर्ती मरीजों की संख्या एक लाख से अधिक हो चुकी है। यह संस्थान की तेजी से बढ़ती स्वास्थ्य सेवाओं को दर्शाता है।
नड्डा ने कहा कि किसी भी संस्थान को पूरी तरह स्थापित होने में वर्षों का समय लगता है। एम्स जैसे संस्थान में बुनियादी ढांचे के साथ-साथ फैकल्टी और विशेषज्ञ सेवाओं को मजबूत करने में भी समय लगता है, लेकिन एम्स बिलासपुर के चिकित्सकों, फैकल्टी और कर्मचारियों ने जिस तेजी से काम किया है, वह सराहनीय है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले दो से तीन वर्षों में एम्स बिलासपुर देश के किसी भी बड़े एम्स के साथ प्रतिस्पर्धा करने की क्षमता हासिल कर लेगा।
प्रोफेशनल शिक्षा विशेषाधिकार, जिम्मेदारी भी बड़ी
केंद्रीय मंत्री ने दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्राथमिक और स्कूली शिक्षा को अधिकार माना जा सकता है, लेकिन व्यावसायिक शिक्षा एक विशेषाधिकार है। इस अवसर तक पहुंचने के पीछे समाज और देश का भी योगदान है। इसलिए चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने वाले युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज तथा मानवता की सेवा के लिए करें।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने पर लगातार काम कर रही है। वर्ष 2025 में केंद्र सरकार ने एमबीबीएस और पीजी सीटों के विस्तार के लिए बड़े स्तर पर धनराशि उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है, ताकि देश में चिकित्सा शिक्षा और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता को और मजबूत किया जा सके।
नड्डा ने कहा कि एम्स बिलासपुर से निकलने वाले चिकित्सक केवल अपने पेशे तक सीमित न रहें, बल्कि समाज और मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझें। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा संस्थान को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का विश्वास जताते हुए प्रथम दीक्षांत समारोह के अवसर पर सभी विद्यार्थियों, फैकल्टी और संस्थान को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
