पाकिस्तानी सेना ने बनाए आतंकी, इंटरनेशनल कोर्ट में पश्तून नेता की अपने ही देश के खिलाफ बड़ी गवाही

By: Oct 19th, 2026 12:01 am

एजेंसियां — हेग

पश्तून तहफ्फुज मूवमेंट (पीटीएम) के प्रमुख मंजूर पश्तीन ने पाकिस्तान की सेना और खुफिया एजेंसियों पर देश के पश्तून इलाकों में उग्रवादी समूहों को बनाने, उन्हें फंड देने और प्रशिक्षित करने का आरोप लगाया है। उनके आरोप के बाद पाकिस्तान की सेना पूरी दुनिया में एक बार फिर से बेनकाब हो गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि आतंकवाद-विरोधी अभियानों का इस्तेमाल स्थानीय आबादी को जबरन विस्थापित करने और खनिज संपदा से भरपूर इलाकों पर कब्जा करने के लिए किया जा रहा है।

हेग जस्टिस डायलॉग-2026 में पश्तीन ने दावा किया कि दो दशकों से अधिक ज्यादा तक चले सैन्य अभियानों की वजह से हजारों पश्तून नागरिक मारे गए, हजारों लापता हो गए और लाखों लोग विस्थापित हो गए, लेकिन खैबर पख्तूनख्वा में इससे कोई स्थायी शांति नहीं आई। उनके भाषण के दौरान पाकिस्तान के डिप्लोमेट आसिफ दुर्रानी और वहां के राजदूत कार्यवाही छोडक़र चले गए। हेग स्थित इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस में वर्चुअली बात करते हुए पश्तीन ने कहा कि पिछले 23 वर्षों में लाखों पश्तूनों ने संघर्ष झेला है और उनके समुदायों में लगातार खून-खराबा हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान की सेना और खुफिया एजेंसियां खैबर पख्तूनख्वा में सशस्त्र समूहों को बनाती हैं, उन्हें फंड देती हैं और प्रशिक्षित करती हैं और फिर उनकी गतिविधियों का इस्तेमाल सैन्य अभियान शुरू करने के बहाने के तौर पर करती हैं। पाकिस्तानी सेना ने 2004 से अब तक दर्जनों बड़े अभियान और हजारों छोटे लक्षित अभियान चलाए हैं, लेकिन वह इस क्षेत्र में सुरक्षा कायम करने में नाकाम रही है। इसके बजाय उन्होंने दावा किया कि सेना ने इस इलाके के प्राकृतिक संसाधनों का शोषण किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App