शाहतलाई-दियोटसिद्ध रोड पर झुके चीड़ के पेड़ बने खतरा

By: Oct 18th, 2026 12:54 am

कभी भी हो सकता है हादसा, कुछ दिन पहले ही जा चुकी है दो लोगों की जान, प्रशासन से समस्या हल करने की लगाई गुहार

नगर संवाददाता-शाहतलाई
शाहतलाई से प्रसिद्ध सिद्धपीठ दियोटसिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर जाने वाले मार्ग पर सडक़ के ऊपर झुके चील के पेड़ श्रद्धालुओं और वाहन चालकों के लिए चिंता का विषय बने हुए हैं। इन पेड़ों के कारण किसी भी समय अप्रिय घटना होने की आशंका जताई जा रही है। इस मार्ग से हर वर्ष लाखों श्रद्धालु बाबा बालक नाथ जी के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हैंए जबकि कई भक्त दंडवत होकर बाबा जी के दरबार तक पहुंचते हैं। ऐसे में मार्ग पर झुके पेड़ों की स्थिति श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर है। गौरतलब है कि कुछ महीने पहले इसी मार्ग पर हुए बस हादसे में दो लोगों की जान चली गई थी। इस घटना के बाद मार्ग पर सुरक्षित यातायात की आवश्यकता और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। अब सडक़ के ऊपर झुके चील के पेड़ों को लेकर भी संबंधित विभागों को गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत हैए ताकि समय रहते संभावित खतरे को दूर किया जा सके।बता दें कि इस मार्ग से प्रतिदिन प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न विभागों के कर्मचारी भी गुजरते हैं।श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही और वाहनों के आवागमन को देखते हुए मार्ग की सुरक्षा सुनिश्चित होना जरूरी है।

मंदिर न्यास की जिम्मेदारी भी अहम
बाबा बालक नाथ मंदिर न्यास दियोटसिद्ध की जिम्मेदारी भी बनती है कि वह श्रद्धालुओं की सुरक्षा से जुड़े ऐसे मामलों को संबंधित प्रशासन और विभागों के समक्ष उठाए। शाहतलाई से दियोटसिद्ध तक श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए मंदिर न्यास, जिला प्रशासन, वन विभाग और लोक निर्माण विभाग को आपसी समन्वय से इस समस्या के समाधान के लिए पहल करनी चाहिए।

श्रद्धालुओं ने उठाई सुरक्षा की मांग
श्रद्धालु गुरमेल सिंह, मखन सिंह, अमरजीत सिंह, मंजीत सिंह, सुखविंदर सिंह सूखा, लाल सिंह चाणन, अमरीक सिंह और जसप्रीत कौर ने मार्ग पर झुके चील के पेड़ों की स्थिति पर चिंता जताते हुए संबंधित विभागों और मंदिर न्यास से उचित कदम उठाने की मांग की। उनका कहना है कि बाबा जी के दरबार में लाखों श्रद्धालु आस्था के साथ पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App