पुलिस चौकस, एसपी ग्राउंड जीरो पर
पुलिस अधीक्षक एसडी वर्मा ने सुरक्षा प्रबंधों का लिया जायजा,संवेदनशील स्थानों पर निगरानी के दिए निर्देश
निजी संवाददाता-सोलन
पर्यटन सीजन और आगामी त्योहारों को देखते हुए सोलन पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। राष्ट्रीय उच्चमार्ग-5 पर पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। वहीं, पुलिस अधीक्षक एसडी वर्मा स्वयं फील्ड में उतरकर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा ले रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने रात्रि गश्त और पेट्रोलिंग बढ़ाने के साथ संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। पर्यटन सीजन के दौरान बाहरी राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक सोलन के रास्ते शिमला और आसपास के पर्यटन स्थलों की ओर रुख करते हैं। ऐसे में राष्ट्रीय उच्चमार्ग-5 पर यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पुलिस के लिए महत्वपूर्ण हो जाती है। इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस ने गश्त व्यवस्था को सक्रिय करने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की रणनीति बनाई है।
इसी कड़ी में एसपी, एसडी वर्मा ने आधी रात को औचक निरीक्षण कर पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा प्रबंधों की जांच की। उन्होंने सनवारा टोल प्लाजा, धर्मपुर थाना और जाबली पुलिस चौकी का दौरा कर ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की उपस्थिति, रात्रि गश्त और पेट्रोलिंग व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरतने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि पर्यटन सीजन के दौरान असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में चौकसी बढ़ाना जरूरी है। पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तुरंत कार्रवाई करें और गश्त के दौरान पूरी सतर्कता बरतें। पुलिस की इस सक्रियता का उद्देश्य पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध करवाना तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहेंगे।
सीसीटीवी कैमरो से निगरानी व्यवस्था
पर्यटन सीजन को देखते हुए सोलन शहर को विभिन्न सेक्टरों में बांटने की योजना भी तैयार की जा रही है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके। इसके तहत सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से शहर के विभिन्न क्षेत्रों पर निगरानी रखने की व्यवस्था की जाएगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
