गुटबाजी पर गरमाई सियासत, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष बोले, भाजपा में धीरे-धीरे मुखर हो रही गुटबाजी
शिमला। प्रदेश के प्रमुख दो दलों में गुटबाजी को लेकर सियासत पूरी तरह से गरमा गई है। एक-दूसरे के दल पर गुटबाजी के आरोप दागने का सिलसिला भी बरकरार है। इसी कड़ी में शुक्रवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने भाजपा पर तीखा वार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के भीतर गुटबाजी अब धीरे-धीरे मुखर होकर सामने आ रही है। वहीं प्रदेश में भाजपा नेताओं के बीच मुख्यमंत्री पद की दौड़ के लिए भी होड़ मची हुई है। विनय कुमार ने एक सांसद द्वारा भाजपा में जयराम ठाकुर को मुख्यमंत्री घोषित किया है के बयान पर भी चुटकी ली है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस नेता बीजेपी के गुट पर हावी है और प्रदेश में भाजपा बिखराव के दरवाजे पर खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा के पाँच गुट तो पहले से ही थे,अब एक ओर नया गुट सामने आ गया है। उन्होंने प्रदेश की पूर्ण बहुमत वाली कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने का का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने जो षडय़ंत्र रचा था, आज उसी दलदल में बीजेपी खुद फंसती जा रही है। विनय कुमार ने कहा कि राज्य में कांग्रेस वर्तमान में पहले से भी ज्यादा मजबूत स्थिति में है। उन्होंने दावा किया है कि प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस फिर से राज्य में पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता के लिए मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रही है,जो कभी पूरे नहीं होते।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
