फ्रांस में फिर सड़कों पर उतरेंगे प्रदर्शनकारी; 70 हजार पुलिसकर्मी तैनात, हेलिकॉप्टर-बख्तरबंद वाहन से सख्ती

By: Oct 24th, 2026 11:47 pm

एजेंसियां— पेरिस
फ्रांस में एक बार फिर बड़े विरोध प्रदर्शन होने जा रहे हैं। पिछले सप्ताह देश में हुई हिंसा और लूटपाट को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सरकार की कोशिश है कि इस बार प्रदर्शन के दौरान हिंसा और दंगों जैसी स्थिति दोबारा न बने। इसके लिए देशभर में करीब 70 हजार पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। फ्रांस के गृह मंत्रालय के मुताबिक, शनिवार को होने वाले प्रदर्शनों के दौरान विशेष पुलिस बल, हेलिकॉप्टर, बख्तरबंद वाहन, पुलिस डॉग स्क्वॉड और पानी की बौछार करने वाली गाडिय़ां भी तैनात रहेंगी।

प्रशासन ने किसी भी तरह की हिंसा और तोडफ़ोड़ से सख्ती से निपटने की तैयारी की है। गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज ने प्रदर्शनकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार तोडफ़ोड़ करने वालों के खिलाफ किसी तरह की नरमी नहीं बरतेगी। उन्होंने कहा कि हिंसा और नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने शनिवार को ट्रेड यूनियनों से जुड़े प्रदर्शनों के अलावा दूसरे विरोध प्रदर्शनों पर रोक लगा दी है। सरकार का कहना है कि इसका मकसद देश में बढ़ रही अशांति को नियंत्रित करना है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App