स्वास्थ्य मंत्री शांडिल बोले, बुजुर्गों का सम्मान और सुरक्षा प्रदेश सरकार की प्राथमिकता

By: Oct 2nd, 2026 12:09 am

राज्य स्तरीय अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर कार्यक्रम में बोले स्वास्थ्य मंत्री शांडिल

स्टाफ रिपोर्टर — शिमला

अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर गेयटी थियेटर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ कर्नल धनी राम शांडिल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ कर्नल धनी राम शांडिल ने कहा कि प्रदेश में बेसहारा वृद्धजनों की देखभाल एवं संरक्षण के लिए 12 वृद्धाश्रम, 22 डे-केयर सेंटर और 5 वरिष्ठ नागरिक सुविधा केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इनमें वृद्धजनों को आवास, भोजन, चिकित्सा और मनोरंजन सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। प्रदेश में 60 वर्ष से अधिक आयु के लगभग 6.62 लाख वरिष्ठ नागरिकों को बिना आय सीमा के सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान की जा रही है। इस पर लगभग 1400 करोड़ रुपए वार्षिक व्यय किए जा रहे हैं। पिछले साढ़े तीन वर्षों में 99779 नए वृद्धजनों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान की गई है।

वरिष्ठजनों की शिकायतों एवं घरेलू हिंसा से संबंधित मामलों के निवारण के लिए हेल्पलाइन नंबर 14567 उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सहभागिता के लिए निरंतर प्रयासरत है। सुमित खिमटा निदेशक ईसोमसा ने कहा कि वृद्धजनों के कल्याण के लिए अनेकों योजनाएं विभाग की ओर से चलाई जा रही है। कार्यक्रम में युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें सकारात्मक दिशा प्रदान करने पर भी विशेष बल दिया गया। इस मौके पर जयश्वरी कला मंच, स्वयं सहायता समूह चौपाल, कोटशेरा कॉलेज, हेल्प एज इंडिया के सदस्यों ने मनमोहम सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App