17 प्रभावित सडक़ों पर जल्द ट्रैफिक बहाल करो

By: Oct 14th, 2026 12:02 am

सराज में 20 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा, बिजली-पानी की योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में तेजी लाने पर जोर

उपमंडल संवाददाता- थुनाग
सराज उपमंडल में विकास कार्यों की प्रगति और लंबित योजनाओं की स्थिति की समीक्षा के लिए मंगलवार को जंजैहली स्थित खंड विकास अधिकारी कार्यालय के समिति कक्ष में उपमंडल स्तरीय योजना, विकास एवं 20 सूत्रीय कार्यक्रम समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक सुबह 11:30 बजे शुरू हुई और लगभग पांच घंटे तक चली। इसमें एसडीएम थुनाग संजीत कुमार शर्मा, तहसीलदार थुनाग जितेंद्र कुमार और बीडीओ सराज बलदेव ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व समिति के सदस्य मौजूद रहे। बैठक में आपदा से प्रभावित सडक़ों की स्थिति प्रमुखता से उठाई गई।

लोक निर्माण विभाग को प्रभावित 21 सडक़ों में से प्राथमिकता के आधार पर 17 सडक़ों पर आगामी 60 से 90 दिनों के भीतर यातायात बहाल करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। आपदा के कारण प्रभावित मार्गों और बस सेवाओं को देखते हुए वैकल्पिक मार्गों पर बस परिचालन की संभावनाएं तलाशने के लिए भी कहा गया। इसके लिए एसडीएम थुनाग संजीत कुमार शर्मा की अध्यक्षता में संबंधित हितधारकों की समिति गठित करने के निर्देश दिए गए, ताकि वैकल्पिक मार्गों पर बसें चलाने की संभावनाओं का परीक्षण किया जा सके और लोगों को परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकें। विधायक चंद्रशेखर ने विद्युत बोर्ड और जल शक्ति विभाग को लंबित महत्वपूर्ण योजनाओं के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में स्वास्थ्य, बिजली और जल शक्ति विभाग से जुड़े आपसी समन्वय के मुद्दों पर भी चर्चा की गई। इन समस्याओं के समाधान के लिए एसडीएम थुनाग की अध्यक्षता में संबंधित विभागों की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए, ताकि जनहित से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण किया जा सके। इसके अलावा दुग्ध समितियों के पंजीकरण से संबंधित आवश्यक औपचारिकताएं भी जल्द पूरी करने को कहा गया, जिससे संबंधित समितियों के कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके।

जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार पर जोर
बैठक में मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, वन अधिकार अधिनियम 2006, मुख्यमंत्री अपना परिवार एवं सुखी परिवार योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। इन योजनाओं के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया, ताकि पात्र लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचे और उन्हें इनका लाभ मिल सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App