शिव की बारात पर रार, राहुल के बयान पर बीजेपी का पलटवार, हुड़दंगियों की जमात करार

By: Oct 13th, 2026 12:06 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली

लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी की अगवाई में इंडिया गठबंधन के विपक्षी सांसदों और नेताओं ने सोमवार को बाराखंबा रोड से सुप्रीम कोर्ट तक मार्च किया। इस पर केंद्रीय मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता शिवराज सिंह चौहान ने तीखा तंज कसा है। चौहान ने इस कवायद को राहुल गांधी की नौटंकी करार दिया है। उन्होंने एक प्रेस कॉन्फें्रस में कहा कि राहुल गांधी का प्रधान न्यायाधीश से मिलने के लिए उच्चतम न्यायालय तक मार्च करना नौटंकी है। उन्होंने इस बात पर भी तंज कसा कि जो लोग कल तक श्रीराम का विरोध करते थे, वह आज शिवजी की बात कर रहे हैं।

चौहान ने कहा कि ये अराजकता फैलाने वाले लोग हैं। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी चुनावी हार का दोष निर्वाचन आयोग पर मढ़ती रही है, जबकि इसके लिए असल में उसका खुद का ‘विचार-शून्य’ नेतृत्व जिम्मेदार है। शिवराज ने भाजपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीजेआई) के खिलाफ कांग्रेस के आंदोलन को शिव की बारात बताने के लिए राहुल की आलोचना की। उन्होंने कहा कि यह असल में गुंडों का समूह है, जो सडक़ों पर अराजकता फैला रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App