हिमाचल पुलिस भर्ती के लिए ग्राउंड टेस्ट का शेड्यूल जारी, यहां है पूरी जानकारी

By: Oct 6th, 2026 8:43 pm

शिमला। हिमाचल प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल भर्ती के लिए 20 अक्तूबर के बाद ग्राउंड टेस्ट की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। पुलिस विभाग ने पुलिस भर्ती के ग्राउंड टेस्ट के शेड्यूल का ड्राफ्ट तैयार कर लिया है। पुलिस विभाग की ओर से पुलिस भर्ती के ग्राउंड टेस्ट का शेड्यूल लोक सेवा आयोग को भेजा जाएगा। पुलिस भर्ती के ग्राउंड टेस्ट का फाइनल शेड्यूल लोक सेवा आयोग द्वारा जारी किया जाएगा। पुलिस भर्ती के ग्राउंड टेस्ट के ड्राफ्ट के अनुसार किन्नौर जिला के अभ्यर्थियों के लिए 21 से 23 अक्तूबर तक ग्राउंड टेस्ट किया जाना प्रस्तावित है।

वहीं, सिरमौर जिला के लिए 26 अक्तूबर से पांच नवंबर तक, सोलन जिला के लिए 16 से 23 नवंबर तक, शिमला जिला के लिए 26 नवंबर से पांच दिसंबर तक, लाहुल स्पीति के अभ्यर्थियों के लिए 23 से 24 अक्तूबर तक, हमीरपुर जिला के लिए 27 अक्तूबर से दो नवंबर तक, बिलासपुर जिला के तीन नवंबर से सात नवंबर तक, कुल्लू जिला के लिए 12 से 17 नवंबर तक, मंडी जिला के 19 से 30 नवंबर तक, चंबा जिला के लिए एक से सात नवंबर तक, ऊना जिला के लिए 12 से 17 नवंबर तक और कांगड़ा जिला के लिए 19 नवंबर से दो दिसंबर तक पुलिस भर्ती का ग्राउंड टेस्ट किया जाना प्रस्तावित है।

98,719 युवाओं ने किया आवेदन

पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए प्रदेशभर से 98,719 युवाओं ने आवेदन किया है। पुलिस भर्ती में पुरुष कांस्टेबल के 491 और महिला कांस्टेबल के 243 पद शामिल हैं।

डिजिटल पहचान प्रणाली

इस बार पुलिस भर्ती के लिए ग्राउंड टेस्ट में फर्जी अभ्यर्थियों पर रोक लगाने के लिए डिजिटल पहचान प्रणाली का इस्तेमाल किया जाएगा। शारीरिक दक्षता परीक्षा में प्रवेश से पहले प्रत्येक अभ्यर्थी की बायोमीट्रिक जांच, फिंगरप्रिंट, डिजिटल फोटो कैप्चर और बारकोड स्कैनिंग की जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App