चंबा डिपो की सात बसें कंडम, बेड़े में आईं 10 इलेक्ट्रिक बसें

By: Oct 29th, 2026 12:01 am

140 बसों के बेड़े में 63 बसें पार कर चुकी हैं जीरो वैल्यू, स्टाफ की कमी अब भी चुनौती

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) चंबा डिपो की सात बसें कंडम घोषित कर दी गई हैं। इन बसों के स्थान पर निगम प्रबंधन ने डिपो को 10 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध करवाई हैं। इससे फिलहाल विभिन्न रूटों पर बसों के संचालन में किसी तरह की दिक्कत नहीं आ रही है। जानकारी के अनुसार, एचआरटीसी चंबा डिपो के बेड़े में कुल 140 बसें हैं। इनमें से 63 बसें जीरो वैल्यू पूरी कर चुकी हैं। पिछले दिनों चंबा डिपो प्रबंधन ने बसों की स्थिति से निगम मुख्यालय को अवगत करवाते हुए सात बसों को कंडम घोषित करने की अनुमति मांगी थी।

अनुमति मिलने के बाद इन बसों को कंडम करने की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद डिपो में बसों की कमी को पूरा करने के लिए 10 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध करवाई गईं। ये बसें जिला के विभिन्न रूटों पर यात्रियों को परिवहन सुविधा दे रही हैं। गौर हो कि चंबा जिला के दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाना एचआरटीसी प्रबंधन के लिए चुनौती बना हुआ है। बसों की खराब हालत और स्टाफ की कमी के चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जिला के विभिन्न रूटों पर बसों के बीच रास्ते में खराब होने की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं। इसके पीछे तकनीकी, फील्ड स्टाफ की कमी को प्रमुख वजह माना जा रहा है।

रूटों के संचालन में परेशानी नहीं आ रही परेशानी
एचआरटीसी चंबा डिपो के डीडीएम शुगल सिंह ने बताया कि डिपो में कुल 140 बसें हैं, जिनमें से 63 जीरो वैल्यू पूरी कर चुकी हैं। हाल ही में सात बसों को कंडम किया गया है। इनके स्थान पर निगम प्रबंधन ने 10 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध करवाई हैं। इससे फिलहाल रूटों के संचालन में परेशानी नहीं आ रही है। उन्होंने बताया कि स्टाफ की कमी को लेकर सरकार और निगम प्रबंधन के साथ लगातार पत्राचार किया जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App