SIR-वोट चोरी के खिलाफ छेड़ेंगे जन आंदोलन, रजनी पाटिल बोलीं, पहली नवंबर को दिल्ली में होगी महारैली
प्रदेश में 25 नवंबर तक चलेगा जनजागरण अभियान
नगर संवाददाता — ऊना
वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस का अभियान संविधान, लोकतंत्र और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा की लड़ाई है। कांग्रेस इस मुद्दे को जन आंदोलन बनाएगी। यह बात हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने रविवार को सर्किट हाऊस ऊना में पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने एसआईआर के दौरान मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं पर सवाल उठाते हुए चुनाव आयोग से जवाबदेही तय करने की मांग की। रजनी पाटिल ने कहा कि राहुल गांधी लगातार वोट चोरी का मुद्दा उठा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहली नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली आयोजित की जाएगी। इसके बाद तीन नवंबर को जिला और चार नवंबर को विधानसभा स्तर पर बैठकें होंगी।
पांच से 11 नवंबर तक विधानसभा क्षेत्रों में अभियान चलाया जाएगा, जबकि 12 से 25 नवंबर तक चौपालों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। इस अवसर पर विधायक राकेश कालिया, सुदर्शन बबलू और विवेक शर्मा, कुलदीप कुमार, सतपाल सिंह रायजादा, चेतन चौहान, रणजीत राणा सहित जिला और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष मौजूद रहे।
जनता ने नाकाम किए सरकार गिराने के प्रयास
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकारें गिराने, विधायकों की खरीद-फरोख्त, वोट चोरी और चंदे से जुड़े मामलों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सरकार को अस्थिर करने की कोशिश की गई, लेकिन प्रदेश की जनता और सरकार ने मिलकर इसे विफल कर दिया।
वोटर लिस्ट में गड़बड़ पर चुनाव आयोग जवाब दे
लोकसभा सांसद हरीश चंद्र मीणा ने आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं, जबकि कुछ ऐसे नाम जोड़े जा रहे हैं, जिनके संबंधित क्षेत्रों का निवासी होने पर सवाल हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं पर चुनाव आयोग को जवाब देना चाहिए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
