Sirmour News : नाहन कॉलेज में एचआईवी/एड्स जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

By: Oct 13th, 2026 7:41 pm

सूरत पुंडीर नाहन

नाहन- डॉ. वाई.एस. परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नाहन के रेड रिबन क्लब द्वारा एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष की थीम रीथिंक  रिबिल्ड  राइज  के अंतर्गत विद्यार्थियों को एचआईवी की रोकथाम, बचाव एवं उपचार के प्रति जागरूक किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विभव कुमार शुक्ला ने अपने संदेश में समाज में एचआईवी/एड्स से जुड़ी भ्रांतियों और मिथकों पर प्रकाश डालते हुए वैज्ञानिक तथ्यों पर विश्वास करने तथा संक्रमित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव न करने का आह्वान किया।इस अवसर पर आमंत्रित वक्ता केयर संस्था के परियोजना प्रबंधक श्री जयपाल चौहान ने विद्यार्थियों को एचआईवी संक्रमण के तरीकों, बचाव के उपायों, समय पर जाँच एवं उपचार के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत जागरूकता व्याख्यान के साथ जूलॉजी प्रयोगशाला में पोस्टर निर्माण एवं नारा लेखन प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। इसके अतिरिक्त, महाविद्यालय परिसर में जागरूकता रैली निकाली गई, जिसके माध्यम से एचआईवी/एड्स से संबंधित सही जानकारी और सामाजिक भेदभाव समाप्त करने का संदेश दिया गया।नारा लेखन प्रतियोगिता में कीर्ति ने प्रथम, रुपाली ने द्वितीय तथा श्वेता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में अथर्व प्रथम, पूजा द्वितीय तथा कीर्ति तृतीय स्थान पर रहे।कार्यक्रम के सफल आयोजन में रेड रिबन क्लब के संयोजक डॉ. विनीत कुमार तथा समिति की सदस्य प्रो. अभिलाषा शर्मा, प्रो. दिव्या भाटिया और प्रो. ट्विंकल राठी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इसके अतिरिक्त डॉ. विवेक नेगी, डॉ. धनमंती खंडासी, डॉ. जाहिद अली मलिक और डॉ. सलोनी सूद सहित अन्य प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने सहयोग दिया।कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना तथा एचआईवी/एड्स से जुड़े सामाजिक कलंक और भेदभाव को कम करना था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App