बर्फ ने खींचे सैलानी; वीकेंड पर रोहतांग में सैलानियों का मेला, कारोबारी खुश
जिला संवाददाता-कुल्लू
दो दिन पहले ऊंची चोटियों पर हुई बर्फबारी ने पर्यटन कारोबार में नई जान फूंक दी है। वीकेंड पर मनाली से लेकर रोहतांग और लाहुल की बर्फीली वादियों तक सैलानियों की रौनक लौट आई है। ग्राम्फू, कोकसर, सिस्सू और दारचा में पर्यटकों की आवाजाही बढऩे से पर्यटन स्थल गुलजार हो उठे हैं। शनिवार को रोहतांग दर्रे की ओर 324 पर्यटक वाहन पहुंचे। इनमें 134 डीजल और 190 पेट्रोल वाहन शामिल रहे। इन वाहनों के जरिए करीब 1500 पर्यटकों ने रोहतांग की वादियों में दस्तक दी और बर्फ से ढकी पहाडिय़ों को निहारा।
अटल टनल रोहतांग से भी शनिवार को 1000 से अधिक वाहनों की आवाजाही हुई। इसके चलते सैकड़ों पर्यटक लाहुल की बर्फीली वादियों तक पहुंचे। कोकसर और सिस्सू सहित आसपास के पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की चहल-पहल बढऩे से स्थानीय कारोबारियों के चेहरे भी खिल उठे हैं। लंबे समय से पर्यटन गतिविधियों में तेजी की उम्मीद लगाए बैठे कारोबारियों को ताजा बर्फबारी से राहत मिली है। ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के बाद पहाड़ों का नजारा बदल गया है। होटल संचालकों, टैक्सी ऑपरेटरों, ढाबा संचालकों और पर्यटन से जुड़े अन्य कारोबारियों को वीकेंड पर बेहतर कारोबार की उम्मीद जगी है। रविवार को वीकेंड के दूसरे दिन पर्यटकों की संख्या और बढऩे की उम्मीद है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
