ताइक्वांडो में सोलन कालेज ने जीते आठ पदक
महिला और पुरुष दोनों टीमों ने हासिल किया तीसरा स्थान
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-सोलन
राजकीय महाविद्यालय सोलन के खिलाडिय़ों ने राजकीय महाविद्यालय बैजनाथ में 22 से 24 अक्तूबर तक आयोजित अंतर-महाविद्यालय ताइक्वांडो (महिला एवं पुरुष) चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय की महिला एवं पुरुष दोनों टीमों ने तीसरा स्थान हासिल किया। इस प्रतियोगिता में महाविद्यालय के खिलाडिय़ों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 1 स्वर्ण, 5 रजत और 2 कांस्य पदक, कुल 8 पदक अपने नाम किए। खिलाडिय़ों की इस उपलब्धि से महाविद्यालय में खुशी की लहर है। महाविद्यालय की प्राचार्य डा. शिवानी शर्मा ने खिलाडिय़ों को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शारीरिक शिक्षा शिक्षक प्रो. रवि राम ने भी खिलाडिय़ों के प्रदर्शन की सराहना की तथा इसे उनकी मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास का परिणाम बताया। उन्होंने खिलाडिय़ों को भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
