भक्ति में रंगा सोलन, मंदिरों में भीड़
शूलिनी माता मंदिर में डीसी मनमोहन शर्मा ने की पूजा-अर्चना, भक्तों की लगीं कतारें
निजी संवाददाता-सोलन
शारदीय नवरात्र की नवमी पर सोलन शहर भक्तिरस में डूबा नजर आया। सुबह से ही शहर के विभिन्न मंदिरों में माता रानी के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने माता के दरबार में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिरों में गूंजते माता के जयकारों और घंटियों की ध्वनि से वातावरण भक्तिमय बना रहा। नवरात्र के समापन पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने शूलिनी माता मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और आरती में भाग लिया। उन्होंने माता रानी से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की कामना की। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के सम्मान और समान अधिकारों पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। भारतीय संस्कृति में नारी को विशेष स्थान दिया गया है और नवरात्र का पर्व महिलाओं के प्रति आदर, सम्मान और समानता का भाव रखने की प्रेरणा देता है। बेटियों और महिलाओं को परिवार तथा समाज में बराबरी का अधिकार मिलना चाहिए। उनकी सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण सुनिश्चित करने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। महिलाओं की भूमिका सशक्त समाज के निर्माण में अहम है और उनका सम्मान केवल धार्मिक पर्वों तक सीमित नहीं रहना चाहिए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
