थलौट में 200 करोड़ से बनेगी प्रदेश की पहली बॉक्स टनल, हाई कोर्ट के आदेश के बाद भू अधिग्रहण की कार्रवाई शुरू
500 मीटर लंबे नए ढांचे से बदलेगा फोरलेन का स्वरूप
प्रभावित परिवारों के लिए 20.50 करोड़ का मुआवजा
स्टाफ रिपोर्टर — मंडी
थलौट में 200 करोड़ से हिमाचल की पहली बॉक्स टनल बनने जा रही है। हाई कोर्ट के आदेशों के बाद भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई भी शुरू हो गई है। कीरतपुर-मनाली फोरलेन परियोजना के तहत थलौट में 500 मीटर लंबी बॉक्स टनल बनाई जानी है, जो फोरलेन का स्वरूप बदलेगी। 2023 की आपदा में थलौट बाजार में फोरलेन का ढांचा प्रभावित होने के बाद अब यहां स्थायी समाधान की दिशा में कदम बढ़ गया है। करीब 200 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत वाली इस परियोजना के तहत लगभग 500 मीटर लंबी आरसीसी बॉक्स टनल मार्ग तैयार किया जाएगा।
इसके लिए हाई कोर्ट के आदेश के बाद जमीन पर कब्जा लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्राकृतिक आपदा के दौरान थलौट में फोरलेन का कट एंड कवर हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। इइसके बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने मौजूदा व्यवस्था को बदलकर बॉक्स टनल बनाने का प्रस्ताव तैयार किया। केंद्र से मंजूरी मिलने के बाद अब जमीन और मुआवजे से जुड़ी औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है। परियोजना के लिए प्रभावित लोगों को मुआवजा देने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है। प्रशासन के पास कुल 20.50 करोड़ रुपए की मुआवजा राशि जमा की जानी है। इसमें से 12.50 करोड़ रुपए एनएचएआई की ओर से प्रशासन के पास जमा करवाए जा चुके हैं।
यातायात में होगा बदलाव
टनल बनने के बाद फोरलेन के इस हिस्से में यातायात का संचालन नए तरीके से किया जाएगा। कुल्लू-मनाली की दिशा में जाने वाले वाहनों को नई बॉक्स टनल से निकाला जाएगा, जबकि दूसरी दिशा में आने वाला यातायात औट की पुरानी टनल से संचालित करने की योजना है। इसके बाद औट में तैयार नई टनल को भी यातायात के लिए खोलने का मार्ग प्रशस्त होगा।
दिसंबर तक शुरू होगा काम
एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर वरुण चारी ने बताया कि बॉक्स टनल का निर्माण कार्य इस वर्ष के अंत तक शुरू किए जाने की संभावना है। परियोजना के पूरा होने के बाद थलौट में फोरलेन का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा। आपदा में क्षतिग्रस्त पुराने ढांचे के स्थान पर आधुनिक और स्थायी संरचना तैयार होने से इस मार्ग को मजबूती मिलेगी
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
