टीबी के खिलाफ जोश टीम’ से तेज होगी जंग

By: Oct 9th, 2026 1:10 am

स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों को टीबी की जांच शिविर आयोजित करने और अभियान तेजी से बढ़ाने के निर्देश दिए
निजी संवाददाता-सोलन
सोलन में क्षय रोग के उन्मूलन अभियान को नई रफ्तार देने के लिए अब ‘जोश टीम’ के माध्यम से मरीजों को उपचार के प्रति प्रोत्साहित किया जाएगा। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत ‘जोश टीम’ का शुभारंभ किया। वीरवार को कार्यक्रम में उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा वर्चुअल माध्यम से जुड़े।‘जोश टीम’ का मुख्य उद्देश्य टीबी से पीडि़त मरीजों में बीमारी से लडऩे और उपचार पूरा करने का उत्साह बढ़ाना है। उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने कहा कि टीबी का समय पर पता लगना और मरीज का पूरा उपचार होना बेहद जरूरी है। अभियान के माध्यम से ऐसे मरीजों तक पहुंचने पर जोर दिया जाएगा, जिन्हें बीमारी के लक्षण हैं या जो जांच से अभी तक दूर हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारियों को टीबी की जांच के लिए अधिक से अधिक शिविर आयोजित करने तथा अभियान को जमीनी स्तर पर तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

उउपायुक्त ने कहा कि अभियान के तहत टीबी मरीजों की समय पर पहचान, जांच, उपचार और दवाइयों का पूरा कोर्स सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जांच में टीबी की पुष्टि होने पर मरीजों को उपचार और आवश्यक दवाइयां नि:शुल्क उपलब्ध करवाई जाती हैं। लोगों से अपील की कि लगातार खांसी, बुखार, वजन कम होना, रात में पसीना आना या अन्य संदिग्ध लक्षण दिखाई देने पर इसे नजरअंदाज न करें और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवाएं। उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य तभी हासिल किया जा सकता है, जब स्वास्थ्य विभाग के साथ प्रशासन और आम लोग भी इसमें सक्रिय भागीदारी निभाएं। जागरूकता, समय पर जांच और पूरा उपचार ही टीबी के खिलाफ लड़ाई को मजबूत बनाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App