राजघाटी में पहाड़ी की कटिंग से हाईवे दो घंटे से रहा बंद
बिलासपुर-सोलन सीमा के पास फोरलेन निर्माण के दौरान गिरे पत्थर-मलबे से लगा जाम
निजी संवाददाता-दाड़लाघाट
बिलासपुर-सोलन जिला सीमा के बीच अर्की उपमंडल के राजघाटी में फोरलेन निर्माण के लिए चल रही पहाड़ी कटिंग के कारण मंगलवार देर शाम को शिमला-धर्मशाला नेशनल हाईवे करीब दो घंटे बाधित रहा। पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर और मलबा सडक़ पर गिरने से शाम तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रही। इससे हाईवे के दोनों ओर कई किलोमीटर लंबी वाहनों की कतारें लग गईं। मार्ग को खोलने के लिए निर्माण कार्य में लगी तीन फोकलेन मशीनों की मदद ली गई। मशीनों से सडक़ पर गिरे पत्थरों और मलबे को हटाने का कार्य किया गया।
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया। इसके बाद दोनों ओर फंसे वाहनों को धीरे-धीरे निकाला गया और यातायात सामान्य हुआ। विशेषकर उन ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है, जिन्हें मुख्य सडक़ से अपने गांव जाने के लिए लिंक रूट की बसें पकडऩी होती हैं। विद्यार्थियों, कर्मचारियों, मरीजों और रोजाना इस मार्ग से सफर करने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और निर्माण कंपनी से पहाड़ी कटिंग के दौरान सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की उचित व्यवस्था करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सडक़ पर पत्थर और मलबा गिरने की स्थिति में उसे तुरंत हटाने के साथ वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित किया जाना चाहिए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
