अवैध खनन पर कसा जाएगा शिकंजा

By: Oct 17th, 2026 12:56 am

कमेटी गठित, अली और सीर खड्ड सहित हॉटस्पॉट पर निगरानी रखने के निर्देश

कार्यालय संवाददाता-बिलासपुर
जिला में अब खनन माफिया की मनमानी नहीं चलेगी। जिला में अवैध खनन को रोकने के लिए जिला प्रशासन की ओर से एक कमेटी गठित की गई है। अवैध खनन को लेकर इस कमेटी द्वारा समय-समय पर निरीक्षण किए जाएंगे। जिला प्रशासन की ओर से गठित की गई कमेटी को अली खड्ड, सीर खड्डा सहित अन्य अवैध खनन के हॉटस्पॉट पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन की ओर से निर्णय लिया गया है कि गरामोड़ा में एक चेकपोस्ट भी स्थापित की जाएगी। जिला बिलासपुर में अवैध खनन पर अंकुश लगाने और खनन गतिविधियों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त राहुल कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस विभाग, खनन विभाग, उद्योग विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त सभी उपमंडल अधिकारी ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए। बैठक में पुलिस विभाग की ओर से जानकारी दी गई कि इस वर्ष अब तक अवैध खनन के मामलों में 160 से अधिक चालान किए जा चुके हैं, जबकि खनन विभाग द्वारा 139 से अधिक चालान किए गए हैं। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने स्तर पर अवैध खनन के मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने कहा कि अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App