सज गए देवियों के दरबार…आज से होगी जय-जयकार
शारदीय नवरात्र आज से; कांगड़ा, ज्वालामुखी श्रीचामुंडा मंदिर में उमड़ेगा भक्तों का सैलाब, रंग-बिरंगी लाइट्स और फूलों से सजे दरबार
शारदीय नवरात्र… सुबह पांच बजे खुलेगा माता बज्रेश्वरी का दरबार
नगर संवाददाता- कांगड़ा
शारदीय नवरात्र के लिए माता बज्रेश्वरी देवी मंदिर प्रशासन पूरी तरह तैयार है। मां के दरबार को रंग बिरंगे फूलों व लाइटों से सजाया गया। नवरात्रों में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े,इसके लिए मंदिर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। मंदिर अधिकारी प्रकाश चंद ठाकुर ने बताया कि नवरात्रि के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े, इसलिए वह खुद नजर बनाए रखेंगे। नवरात्रि के पहले दिन सुबह 5:00 बजे मंदिर खोल दिया जाएगा। सप्तमी अष्टमी और नवमी को मंदिर 3:00 बजे व व भीड़ को देखते हुए मंदिर खोलने व बंद करने के समय में भी बदलाव किया जा सकता है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह-जगह साइन बोर्ड भी लगाए गए हैं।
नौ दिन होगा मां श्रीचामुंडा देवी का गुणगान
श्रीचामुंडाजी। शारदीय नवरात्रों को लेकर श्रीचामुंडा नंदीकेश्वर धाम में तैयारियां संपूर्ण कर ली गई हैं। मंदिर ताजे फूलों तथा विशेष प्रकार की लाइटों से सुसज्जित किया गया है। मंदिर परिसर को दानी सज्जन द्वारा संवारा जा रहा है। नवरात्र के चलते नौ दिन तक मंदिर में पूजा पाठ चलेगा, जिसमें सहस्त्र चंडी यज्ञ, रुद्राभिषेक, देवी भागवत चामुंडा बीज मंत्र, गायत्री जाप तथा अन्य यज्ञ अनुष्ठान करवाए जाएंगे, जिसमें क्लासिक विद्वान ब्राह्मण पूजा पाठ करेंगे तथा 20 संस्कृत विद्यालय के पंडित उनका सहयोग देंगे, इनके आचार्य बालक राम होंगे।
ज्वालामुखी मंदिर में झंडा रस्म से होगा शरद नवरात्र का आगाज
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ज्वालामुखी
विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में पारंपरिक झंडा चढ़ाने की रस्म के साथ रविार को अश्विन मां के शरद नवरात्र का शुभारंभ विधायक संजय रतन करेंगे। इस मौके पर उनके साथ एसडीएम ज्वालामुखी डाक्टर संजीव शर्मा, डीएसपी ज्वालामुखी संजय शर्मा, मंदिर अधिकारी तहसीलदार अजय मंडयाल, मंदिर न्यास ज्वालामुखी के सदस्य, नगर परिषद ज्वालामुखी के सदस्य, पुजारी वर्ग, कर्मचारी वर्ग और शहर के प्रबुद्ध लोग भी उपस्थित होंगे । हमेशा की तरह झंडा चढ़ाने की रस्म अदा करने के बाद मां ज्वालामुखी की विशेष पूजा-अर्चना होगी और कन्या पूजन के साथ ही नवरात्र का पारंपरिक तरीके से शुभारंभ होगा। नवरात्रि रविवार से 19 अक्तूबर तक आयोजित होंगे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
