किसानों का इंतजार खत्म, इस दिन खाते में आएगी किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त

By: Oct 29th, 2026 4:16 pm

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार से गुजरात की दो दिन की यात्रा पर रहेंगे और बनासकांठा में 14 हजार करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन तथा लोकार्पण करेंगे। पीएम मोदी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) की 24वीं किस्त के रूप में देशभर के किसानों के लिए करीब 19 हजार करोड़ रुपए जारी करेंगे। इसके अलावा अहमदाबाद मेट्रो के विस्तार, सड़क, रेल, कृषि और पशुपालन से जुड़ी परियोजनाएं भी शुरू की जाएंगी।

प्रधानमंत्री शुक्रवार को बनासकांठा में भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर देश को समर्पित करेंगे। भिलड़ी में 127 एकड़ में बने इस केंद्र का उद्देश्य पशुओं की नस्ल सुधार और प्रजनन तकनीकों को बढ़ावा देना है। यह कांकरेज नस्ल के पशुओं के लिए देश का पहला विशेष केंद्र होगा। इसके अलावा थराद और राधनपुर में बानस डेयरी के दो बायो-सीएनजी संयंत्रों की आधारशिला रखी जाएगी।

पीएम मोदी अहमदाबाद मेट्रो के फेज-2ए के तहत एयरपोर्ट तक और फेज-2बी के तहत गिफ्ट सिटी तक विस्तार की आधारशिला भी रखेंगे। अहमदाबाद-मेहसाणा राजमार्ग को चार लेन से आठ लेन करने की परियोजना भी शुरू की जाएगी। इसके अलावा गुजरात में 4,030 नए बाल-अनुकूल आंगनवाड़ी केंद्रों का शिलान्यास और 361 केंद्रों का उद्घाटन होगा। कृषि क्षेत्र में 4,950 करोड़ रुपए की लागत वाली 521 परियोजनाएं भी देश को समर्पित की जाएंगी। प्रधानमंत्री अहमदाबाद (साबरमती)-वाराणसी एक्सप्रेस और मेहसाणा-बेचराजी-साबरमती मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। पीएम-किसान की 24वीं किस्त जारी करने के साथ बागवानी से जुड़ी 12 स्वीकृत परियोजनाओं का जमीनी स्तर पर काम भी शुरू होगा। इन परियोजनाओं से करीब 1.3 लाख किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

यात्रा के दूसरे दिन शनिवार को प्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल होंगे। इससे पहले वह ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। एकता नगर में 400 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण भी करेंगे। इनमें जल और सीवेज उपचार संयंत्र, नर्मदा घाट का उन्नयन, आईआरसीटीसी होटल और पर्यटन से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।

प्रधानमंत्री शुक्रवार को भारत पर्व 2026 का उद्घाटन करेंगे। यह आयोजन 15 नवंबर तक चलेगा। इसमें राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की संस्कृति, लोककलाओं, खानपान, हस्तशिल्प और पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित किया जाएगा। वह एकता प्रकाश पर्व भी देखेंगे, जिसमें देश की विविधता और सांस्कृतिक विरासत को रोशनी के जरिए दर्शाया जाएगा। इसके तहत 530 मीटर लंबी ‘वैली ऑफ फ्लावर्स रोड’ और 180 मीटर लंबी ‘ग्लो टनल’ को सजाया गया है। इन प्रदर्शनों में 1.5 करोड़ से अधिक एलईडी लाइटों का इस्तेमाल किया गया है।

राष्ट्रीय एकता दिवस की परेड में इस बार वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों की उपलब्धियों और इससे प्रभावित क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और विकास की दिशा में हुए बदलाव को खास तौर पर दिखाया जाएगा। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय की ओर से ‘नक्सल मुक्त भारत’ विषय पर विशेष प्रस्तुति भी होगी, जिसमें वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित 126 जिलों के करीब 2,000 कलाकार हिस्सा लेंगे। इस वर्ष समारोह की मुख्य थीम ‘वंदे मातरम्’ होगी। इसके तहत देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और सांस्कृतिक विविधता पर आधारित झांकियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। देशभर के करीब 5,000 कलाकार भारतीय शास्त्रीय और लोक कलाओं, संगीत तथा नृत्य की प्रस्तुतियां देंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App