तीसरा नवरात्र… मां बालासुंदरी में दस हजार श्रद्धालु नतमस्तक

By: Oct 14th, 2026 12:02 am

त्रिलोकपुर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, 14.73 लाख का चढ़ावा माता के चरणों में अर्पित

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
उत्तर भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता बालासुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में मंगलवार को शारदीय नवरात्र मेले के तीसरे नवरात्र को देश के विभिन्न राज्यों से करीब 10 हजार श्रद्धालुओं ने माता बालासुंदरी के मंदिर में दर्शन किए और माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। रविवार को शुरू हुए 15 दिवसीय अश्विन नवरात्र मेले का शुभारंभ उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने पहले नवरात्र पर मां बालासुंदरी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई, जिसके बाद मंदिर में माता के दर्शनों और आशीर्वाद लेने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गई। शारदीय नवरात्रि के तीसरे दिन मंगलवार को देश के विभिन्न राज्यों हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, उत्तराखंड, दिल्ली आदि क्षेत्रों से 10 हजार श्रद्धालुओं ने माता बालासुंदरी मंदिर में शीश नवाया। इस दौरान श्रद्धालुओं द्वारा 14,73,260 रुपए की नकदी माता बालासुंदरी के चरणों में अर्पित की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने माता बालासुंदरी के मंदिर में 27.400 ग्राम सोना, जबकि 9400 ग्राम चांदी चढ़ावे के रूप में माता के चरणों में अर्पित की। मेले के दौरान सुरक्षा के दृष्टिगत जिला प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर व आसपास के क्षेत्र में 200 के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

इस अवसर पर उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने श्रद्धालुओं को नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए मेले को शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन व पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने बताया कि त्रिलोकपुर मंदिर क्षेत्र में मंदिर न्यास की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस, होमगार्ड व निजी सुरक्षा एजेंसी के करीब 250 जवान तैनात किए गए हैं। वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर न्याय द्वारा 80 बीघा भूमि पर दो हजार से अधिक वाहनों की पार्किंग की सुविधा बनाई गई है। मेले के दौरान भंडारे के लिए अलग से स्थान चिन्हित किए गए हैं तथा नए भंडारा हॉल में प्रतिदिन एक साथ छह भंडारे आयोजित किए जा सकते हैं। इसके अलावा मेले के दौरान किसी भी व्यक्ति को स्वास्थ्य संबंधी समस्या हो तो इसके लिए मंदिर न्यास व प्रशासन द्वारा तीन डिस्पेंसियां स्थापित की गई हैं, जहां पर चिकित्सक व दवाइयां उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तमाम तरह की सुविधाएं जिसमें शौचालय व पीने के पानी की सुविधा भी उपलब्ध की गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App