सऊदी पर हूती हमले में एक भारतीय समेत तीन की मौत, किंग फहद एयरपोर्ट-तेल ठिकाने को बनाया निशाना

By: Oct 23rd, 2026 12:01 am

किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट और तेल ठिकाने को बनाया निशाना, 16 दिन में छह बड़े हमले

एजेंसियां — रियाद

सऊदी अरब में एक एयरपोर्ट और एक तेल ठिकाने पर हुए हूती विद्रोहियों के हमलों में एक भारतीय समेत तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं 10 लोग घायल हुए हैं। घायलों में तीन भारतीय भी हैं। दम्माम शहर के किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार रात हुए हमले में एक भारतीय की मौत हुई। वहीं दो भारतीयों समेत आठ लोग घायल हुए। वहीं, अरामको के तेल ठिकाने पर ड्रोन हमले में नेपाल और फिलीपींस के एक-एक नागरिक की जान गई। यहां एक भारतीय समेत दो लोग घायल हुए। बता दें कि इस महीने हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब पर छह बड़े हमले किए हैं। इन हमलों में कम से कम 23 लोगों की मौत हुई है और 370 घायल हुए हैं। उधर, सऊदी अरब के सिविल एविएशन अथॉरिटी ने गुरुवार को एयरपोर्ट पर हमले की जानकारी दी। इसमें एयरपोर्ट को भी नुकसान पहुंचा है। दम्माम, फारस की खाड़ी के तट पर स्थित है।

यह बहरीन और कतर के करीब है। दुनियाभर की उड़ानों पर नजर रखने वाली वेबसाइट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि हमले के बाद विमानों को दूसरे रास्तों से भेजा जा रहा है। इसके अलावा सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने बताया कि उसने देश के पूर्वी इलाके में चार ड्रोन हमलों को नाकाम किया है।

सऊदी ने 14 भारतीयों वाले जहाज पर किया हमला

सना। यमन के हूती विद्रोहियों ने गुरुवार को दावा किया है कि सऊदी अरब ने 14 भारतीय नागरिकों को ले जा रहे एक जहाज पर हमला किया। यह अटैक लाल सागर में जुकर द्वीप के पास हुआ। हूतियों के सैन्य प्रवक्ता याह्या सारी ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि, यमन की सेना ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से सऊदी अरब की ऐसी कार्रवाइयों को रोकने की अपील की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App