शहर से भरे पनीर के तीन सैंपल टेस्ट में पास
निगम के खाद्य सुरक्षा विभाग को मिली रिपोर्ट, नामी रेस्टोरेंट और मिठाई की दुकान से भरे गए थे सैंपल
स्टाफ रिपोर्टर-सोलन
नगर निगम सोलन के खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा शहर से एकत्र किए गए पनीर के सैंपल लैब टेस्ट में पास हो गए हैं। यह सैंपल विभाग द्वारा करीब एक माह पूर्व शहर के तीन नामी रेस्टोरेंट व मिठाई विक्रेता की दुकान से एकत्र किए गए थे। इन्हें जांच के लिए एक नहीं बल्कि तीन-तीन लैबों में भेजा गया था, जहां से रिपोर्ट आने के बाद यह सैंपल सभी मानकों पर खरे उतरे हैं। रिपोर्ट आने के बाद जहां पनीर के चाहवानों के लिए खुशी की बात है, वहीं इन रेस्टोरेंट व मिठाई विक्रेताओं ने भी राहत की सांस ली है।
गौर रहे कि प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेशभर में एनालॉग पनीर को जांचने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए थे। इसके तहत गत अगस्त माह में नगर निगम सोलन के खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने निगम की परिधि के अंदर विभिन्न रेस्टोरेंट, मिठाई की दुकानों व अन्य ढाबों पर औचक निरीक्षण किया था और शहर के तीन नामी रेस्टोरेंट व मिठाई की दुकान से पनीर के सैंपल भरे थे। इन सैंपलों को अलग-अलग तीन लैबों में जांच के लिए भेजा गया था। कुछ दिनों पूर्व ही विभाग को इन लैबों से इसकी रिपोर्ट प्राप्त हो गई है और इसमें तीनों पनीर सैंपल गुणवत्ता में सही पाए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद अब रेस्टोरेंट व मिठाई विक्रेता ने भी राहत की सांस ली है। कलाकंद व बेसन की बर्फी के सैंपल की रिपोर्ट का इंतजार
गत माह शहर से भरे गए पनीर के तीन सैंपलों की लैब रिपोर्ट मिल गई है। तीनों सैंपल गुणवत्ता टेस्ट में सही पाए गए हैं। कलाकंद व बर्फी की रिपोर्ट मिलने का इंतजार है। शहर में खाद्य गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
डा. अतुल कायस्था सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा विभाग, नगर निगम सोलन।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
