नादौन में पर्यटन को लगेंगे पंख, रिवर राफ्टिंग से स्काईवॉक तक प्रोजेक्ट्स की कवायद तेज

By: Oct 1st, 2026 12:01 am

कार्यालय संवाददाता – नादौन
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड की एक टीम ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशों पर नादौन क्षेत्र में प्रस्तावित विभिन्न पर्यटन परियोजनाओं को लेकर दौरा किया। इस दौरान टीम ने पर्यटन की दृष्टि से महत्त्वपूर्ण विभिन्न स्थलों का निरीक्षण करने के साथ-साथ प्रस्तावित परियोजनाओं के लिए संभावित स्थलों का जायजा लिया। नगर परिषद अध्यक्ष एवं नादौन कांग्रेस अध्यक्ष शम्मी सोनी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद पर्यटन विभाग की टीम द्वारा नादौन में पर्यटन विकास से जुड़ी योजनाओं को धरातल पर उतारने की दिशा में प्रक्रिया तेज कर दी गई है। उन्होंने बताया कि टीम के दौरे के दौरान मुख्य रूप से रिवर राफ्टिंग कॉम्प्लेक्स, कॉरिडोर वॉक, स्काईवॉक तथा बीस साइड के प्रस्तावित प्रोजेक्ट्स को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

इसके अलावा ध्यानु भगत की समाधि को भी पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की योजना पर अधिकारियों ने जानकारी ली और प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। रिवर राफ्टिंग कॉम्प्लेक्स के लिए प्रस्तावित स्थल का भी टीम द्वारा निरीक्षण किया गया तथा यहां उपलब्ध सुविधाओं और संभावनाओं को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। वहीं ध्यानु भगत की समाधि को विकसित करने के लिए लगभग 21 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव है। प्रतिमा स्थल के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने के उद्देश्य से टीम को दो-तीन संभावित स्थान भी दिखाए गए। दौरे के दौरान पर्यटन से जुड़े प्रस्तावित सभी प्रोजेक्ट्स को लेकर अधिकारियों ने स्थल की भौगोलिक स्थिति, पहुंच मार्ग, पर्यटकों की सुविधा तथा भविष्य में विकसित होने वाली पर्यटन गतिविधियों को लेकर जानकारी हासिल की।

बातचीत की

विभागीय अधिकारियों की एक बैठक एसडीएम नादौन निशांत शर्मा की अगुवाई में आयोजित की गई। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट्स को जल्द शुरू करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने पर भी विचार-विमर्श किया।

थैंक्स कहा

शम्मी सोनी ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशों के बाद नादौन में पर्यटन विकास की संभावनाओं को लेकर विभागीय स्तर पर गंभीरता से कार्य किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने इन परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App