साइबर ठगी में नौहराधार-राजगढ़ के दो युवक गिरफ्तार
अंबाला में पेटीएम केवाईसी अपडेट के नाम पर 7.10 लाख की धोखाधड़ी का मामला, अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़
निजी संवाददाता-संगड़ाह
अंबाला में केवाईसी अपडेट करने का झांसा देकर 7.10 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में अंबाला पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो आरोपी सिरमौर जिले के नौहराधार और राजगढ़ क्षेत्र के बताए गए हैं, जबकि तीसरा पंचकूला के पिंजौर का निवासी है। अंबाला शहर निवासी चंद्रिका प्रसाद ने 19 सितंबर को साइबर क्राइम थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के अनुसार 25 अगस्त से 16 सितंबर के बीच आरोपियों ने फोन कर क्यूआर कोड, बैंक खाता बंद होने का डर दिखाया और केवाईसी अपडेट करने के नाम पर 7.10 लाख रुपए ठग लिए।
पुलिस ने कॉल डिटेल, तकनीकी संसाधनों और डिजिटल साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश निवासी नौहराधार, प्रदीप निवासी राजगढ़ और बलबीर सिंह निवासी करनपुर, पिंजौर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार बलबीर के खिलाफ पंचकूला में साइबर ठगी के चार मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और 20 हजार रुपए की नकदी बरामद करने का दावा किया है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और ठगी की रकम के लेन-देन की जांच जारी है। संगड़ाह पुलिस ने बताया कि स्थानीय स्तर पर दोनों आरोपियों की भूमिका की पुष्टि अंबाला पुलिस से आधिकारिक जानकारी मिलने के बाद होगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
