बिलासपुर पहुंचे जेपी नड्डा का खुलासा, दिसंबर, 2027 तक बनेगी भानुपल्ली बिलासपुर, चंडीगढ़-बद्दी रेललाइन
प्रदेश सरकार के रवैये से अटका है रेलवे का काम
कार्यालय संवाददाता — बिलासपुर
भानुपल्ली-बिलासपुर और चंडीगढ़-बद्दी रेललाइन दिसंबर, 2027 तक बनकर तैयार हो जाएंगी। यह खुलासा बिलासपुर पहुंचे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने दोनों परियोजनाओं को 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया है, लेकिन प्रदेश सरकार के रवैये के कारण काम की गति प्रभावित हो रही है। जेपी नड्डा ने कहा कि भानुपल्ली-बिलासपुर रेललाइन में बैरी तक का कार्य प्रदेश सरकार के ढुलमुल रवैये के चलते आगे नहीं बढ़ पा रहा है। उन्होंने कहा कि 62 किलोमीटर लंबी भानुपल्ली-बिलासपुर-बैरी रेललाइन की अनुमानित लागत 13410 करोड़ रुपए है। राज्य सरकार की ओर से अब तक इस परियोजना के लिए 847 करोड़ रुपए जमा करवाए गए हैं।
चंडीगढ़-बद्दी रेललाइन पर करीब 1540 करोड़ रुपए खर्च होंगे। जेपी नड्डा ने कहा कि इस रेललाइन के शुरू होने से औद्योगिक क्षेत्र बद्दी को बड़ा लाभ मिलेगा। इस परियोजना पर अब तक 1160 करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं। राज्य सरकार की ओर से 348 करोड़ रुपए दिए जा चुके हैं, जबकि 231 करोड़ रुपए की राशि अभी बकाया है। उन्होंने कहा कि केंद्र के पास बजट की कोई कमी नहीं है और उसने हमेशा प्रदेश को बजट राशि उपलब्ध करवाई है। इसके बावजूद प्रदेश सरकार की ओर से इन परियोजनाओं के लिए करोड़ों रुपए की राशि अब भी शेष है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार ने रेल और सडक़ नेटवर्क को मजबूत करने के लिए 13000 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं को मंजूरी दी है।
केंद्र सरकार ने हिमाचल को दिए 55103 करोड़
बिलासपुर — केंद्र सरकार ने हिमाचल में राजमार्ग परियोजना के लिए 55 हजार 103 करोड़ की राशि स्वीकृत की है। हिमाचल में 2592 किलोमीटर के 25 राष्ट्रीय राजमार्गों का कार्य जारी है। हिमाचल के चार कॉरिडोर से सडक़ मार्ग और अधिक मजबूत होगा। केंद्र सरकार के पास बजट की कोई कमी नहीं है। हिमाचल में रेलवे नेटवर्क को भी मजबूत किया जा रहा है। बचत भवन बिलासपुर में आयोजित बैठक में नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया, रेलवे, प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना सहित अन्य अन्य केंद्रीय योजनाओं पर चर्चा हुई। इस बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने की।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
