रैगिंग मामले में HPNLU के छात्र का वीडियो वायरल, खुद को निर्दोष बताते हुए यूनिवर्सिटी प्रशासन पर लगाए आरोप
खुद को निर्दोष बताते हुए यूनिवर्सिटी प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप
यूनिवर्सिटी ने कहा, दो छात्रों की शिकायत पर अभी जांच चल रही, फैसला नहीं
शिमला पुलिस ने मामला दर्ज कर केस में शुरू की आगामी कार्रवाई
स्टाफ रिपोर्टर — शिमला
हिमाचल प्रदेश नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (एचपीएनएलयू) शिमला के एक छात्र का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में छात्र ने आरोप लगाया है कि यूनिवर्सिटी की ओर से उसे परेशान किया जा रहा है और उसने बैचमेट्स पर रैगिंग के आरोप भी लगाए हैं। छात्र ने यह भी दावा किया कि उसके खिलाफ झूठी एफआईआर और शिकायतें की जा रही हैं और उसके पक्ष के साक्ष्यों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। छात्र ने वीडियो में खुद पर लगाए गए आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उसने कुछ नहीं किया है और किसी के साथ मारपीट नहीं की है। साथ ही कहा कि उसके द्वारा जो भी एक्शन लिया जा रहा है, वह यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार और वीसी के वजह से लिया जा रहा है। वहीं, हिमाचल प्रदेश नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी ने अपने स्पष्टीकरण में कहा है कि उनके ध्यान में यह मामला आया है, जिसमें यूनिवर्सिटी के एक छात्र द्वारा सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें रैगिंग की कथित घटना के बारे में आरोप लगाए गए हैं। इस संबंध में यूनिवर्सिटी ने स्पष्ट किया है कि यूनिवर्सिटी को निखिल प्रकाश और अन्य लोगों द्वारा रैगिंग किए जाने का आरोप लगाने वाली एक शिकायत मिली है।
यह मामला अभी यूनिवर्सिटी के एंटी-रैगिंग नियमों और लागू कानूनों के प्रावधानों के अनुसार सक्षम अधिकारियों के विचाराधीन है। जांच की प्रक्रिया अभी चल रही है और यूनिवर्सिटी ने अभी तक कोई अंतिम निष्कर्ष या निर्णय नहीं लिया है। इसके अलावा, यह भी बताया जाता है कि शिकायतकर्ता ने स्वतंत्र रूप से अर्की पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई है। यूनिवर्सिटी ने भी एंटी-रैगिंग नियमों के तहत अपनी जिम्मेदारियों का पालन करते हुए इस मामले की जानकारी धामी पुलिस चौकी को दी थी। चूंकि जांच अभी चल रही है, इसलिए आरोपों को सार्वजनिक रूप से स्थापित तथ्यों के रूप में पेश करने की कोई भी कोशिश जल्दबाजी होगी और इससे चल रही कार्यवाही पर बुरा असर पड़ सकता है। इस मामले से जुड़े वीडियो, बयान और सोशल मीडिया सामग्री को फैलाना यूनिवर्सिटी अधिकारियों पर अनावश्यक दबाव बनाने की कोशिश लगती है। इससे निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच के संचालन पर बुरा असर पड़ सकता है। जांच पूरी होने और तथ्यों का पता चलने के बाद यूनिवर्सिटी उचित कार्रवाई करेगी। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया की पीडि़त छात्र ने हिमाचल प्रदेश नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
