प्रदेश के सरकारी स्कूलों में तैनात होंगे चौकीदार और सफाई कर्मचारी, आउटसोर्स पर होगी भर्ती
कार्यालय संवाददाता-शिमला
हिमाचल प्रदेश के सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और साफ-सफाई की व्यवस्था सुधारने के लिए चौकीदारों और सफाई कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। शिक्षा विभाग ने प्रदेश के 1966 सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों की जिला वार सूची हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम (एचपीएसईडीसी) को भेजकर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाने को कहा है। इन स्कूलों में 1975 चौकीदार और 1975 सफाई कर्मचारी अथवा बहुउद्देशीय कर्मियों की आउटसोर्स आधार पर तैनाती की मंजूरी दी गई है।
शिक्षा निदेशालय की ओर से तीन जारी पत्र में एचपीएसईडीसी के प्रबंध निदेशक को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्कूलों में कर्मचारियों की तैनाती सरकार से स्वीकृत नियमों और शर्तों के अनुसार की जानी है। इसके लिए यूडाइज प्लस पोर्टल के आधार पर प्रदेश के 1966 सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों की जिला वार सूची भी भेजी गई है। सरकारी स्कूलों में चौकीदारों की तैनाती से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
वहीं, सफाई कर्मचारी और बहुउद्देशीय कर्मी तैनात होने से स्कूल परिसरों में साफ-सफाई सहित दैनिक व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी। लंबे समय से सरकारी स्कूलों में सहायक कर्मचारियों की आवश्यकता है। ऐसे में इस पहल को स्कूलों की बुनियादी व्यवस्थाओं में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। शिक्षा निदेशालय ने इस संबंध में 13 अगस्त 2026 को भी एचपीएसईडीसी को पत्र भेजकर 1975 चौकीदारों और इतने ही सफाई कर्मचारियों अथवा बहुउद्देशीय कर्मियों की तैनाती के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा था। अब निदेशालय ने स्कूलों की जिला वार सूची भेजकर प्रक्रिया को आगे बढ़ाया है। हालांकि, कर्मचारियों की तैनाती कब तक पूरी होगी, इस बारे में पत्र में कोई समयसीमा निर्धारित नहीं की गई है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
