जंगली सूअरों और बंदरों ने उजाड़ी मक्की की फसल

By: Oct 7th, 2026 12:01 am

नैनाटिक्कर क्षेत्र में किसानों की महीनों की मेहनत पर फिरा पानी, प्रशासन से राहत की उठाई मांग

निजी संवाददाता-नैनाटिक्कर
नैनाटिक्कर क्षेत्र में इस बार जंगली जानवरों ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जंगली सूअरों और बंदरों ने खेतों में खड़ी मक्की की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। महीनों की मेहनत के बाद तैयार फसल को बर्बाद होता देख किसान चिंतित हैं। किसानों का कहना है कि मक्की उनके परिवारों के लिए महज फसल नहीं, बल्कि छह से आठ महीने के अनाज का मुख्य सहारा है।

ऐसे में फसल के नुकसान से ग्रामीणों के सामने आने वाले महीनों में अनाज का संकट खड़ा हो सकता है। किसानों के अनुसार जंगली सूअर रात के समय खेतों में घुसकर फसल को तहस-नहस कर रहे हैं, जबकि बंदरों के झुंड भी तैयार मक्की को नुकसान पहुंचा रहे हैं। कई खेतों में फसल को इतना नुकसान हुआ है कि उसकी भरपाई करना किसानों के लिए मुश्किल है। किसानों ने कहा कि बीज, खाद, जुताई और अन्य कृषि कार्यों पर लगातार खर्च बढ़ रहा है। इसके बावजूद जंगली जानवर पूरी मेहनत पर पानी फेर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से समस्या के स्थायी समाधान, फसल नुकसान का उचित आकलन और प्रभावित किसानों को राहत देने की मांग की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App