नगरोटा बाजार में महिलाओं ने बढ़ाई रौनक

By: Oct 29th, 2026 12:01 am

करवा चौथ पर मार्केट में खरीददारी को उमड़ी महिलाओं की भारी भीड़,व्यापारियों के चेहरे खिले

कार्यालय संवाददाता-नगरोटा बगवां
पति की लंबी आयु और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के लिए मनाए जाने वाले करवा चौथ पर्व को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। करवाचौथ पर्व को लेकर नगरोटा बगवां के बाजार में खूब रौनक देखने को मिल रही है। पर्व की तैयारियों के लिए खरीददारी करने पहुंचीं महिलाओं की भीड़ से बाजार गुलजार है। महिलाएं चूडिय़ों, कपड़ों, आभूषणों, मेहंदी और शृंगार सामग्री की खरीदारी कर रही हैं। हालांकि महिलाओं ने इस रोज को प्रभावी रूप से मनाने की तैयारी लंबे समय पहले से शुरू कर रखी है, लेकिन पिछले दो दिनों से बाजार में साडिय़ों, आकर्षक सूटों, रंग-बिरंगी चूडिय़ों और अन्य शृंगार सामग्री की खरीदारी मे विशेष रूचि दिखाई जा रही है।

साथ ही महिलाएं करवा चौथ के दिन खास दिखने के लिए ब्यूटी पार्लरों में भी पहुंच रही हैं। बुधवार को न केवल मनियारी बल्कि सब्जी, फ्रूट व मिठाई की दुकानों के साथ मोमो, चौमिन, छोले टिक्की की दुकानों मे भी तिल धरने को जगह नहीं रही । इतना ही नहीं, फैनियों के साथ सब्जी विक्रेताओं के पास केले, पालक के ढेर भी देखते ही देखते साफ हो गए। करवा चौथ के लिए विशेष तौर पर आए प्रवासी लोगों ने महिलाओं के हाथों को मेहंदी से सजाकर हुनर दिखाया। बाजार में बढ़ती चहल-पहल से व्यापारियों के चेहरे भी खिले हुए हैं। दुकानदारों को उम्मीद है कि करवा चौथ के बाद धनतेरस-दीपावली के चलते कारोबार को और गति मिलेगी। त्योहार के मद्देनजर नगरोटा का बाजार उत्सवी रंग में रंगा नजर आया ओर खरीदारी के दौरान महिलाओं में पर्व को लेकर उत्साह और उमंग भी देखने को मिली ।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App