दुनिया भर में साइबर अटैक, बीबीसी-सीएनएन समेत 178 वैश्विक संस्थानों की वेबसाइटों पर हमला
एजेंसियां — वाशिंगटन
वेबसाइट परीक्षण प्लेटफॉर्म ‘ऑप्टिमाइजली’ में हुई एक बड़ी सुरक्षा सेंध के कारण जूम, बीबीसी, सीएनएन, फॉक्स न्यूज, एचएसबीसी और आइकिया सहित दुनिया के कम से कम 178 प्रमुख संस्थानों की वेबसाइटों पर आने वाले उपयोगकर्ताओं को खतरनाक मैलवेयर का सामना करना पड़ा है। साइबर सुरक्षा फर्म ‘रिपोर्ट यूआरआई’ के अनुसार, इस हमले का उद्देश्य क्रिप्टोकरंसी भुगतान चुराना और संवेदनशील डाटा हासिल करना था। रिपोर्ट यूआरआई ने अपनी जांच में ऑप्टिमाइजली की 1,611 स्क्रिप्ट्स में से 188 में इस खतरनाक कोड की पहचान की। फर्म का मानना है कि प्रभावित संगठनों की वास्तविक संख्या इससे अधिक हो सकती है। इस सूची में सेल्सफोर्स, गिटलैब, इक्विफैक्स, एयर फ्रांस-केएलएम, लेजर और पीकॉक जैसे बड़े नाम भी शामिल हैं। हमले का सबसे पहला प्रमाण अमरीकी पूर्वी समय के हिसाब से रविवार रात 11:21 बजे (भारतीय समय के अनुसार सोमवार सुबह 8:51 बजे) बीबीसी के विजिटर्स को परोसे गए कोड में मिला। यह मैलवेयर एक बहुउद्देशीय किट की तरह काम कर रहा था।
इसने भुगतान के दौरान क्रिप्टोकरंसी वॉलेट के पते बदलकर हमलावर के वॉलेट में पैसे भेज दिए। सोमवार दोपहर बाद 2:25 बजे (भारतीय समयानुसार रात लगभग 11:55 बजे) तक हमलावरों के वॉलेट में लगभग 7,040 डॉलर की क्रिप्टोकरंसी के लेनदेन की पुष्टि हो चुकी है। इसके अलावा, यह कोड पेमेंट कार्ड के विवरण, ब्राउजर कुकीज और स्क्रीनशॉट चुराने में भी सक्षम था। यह कोड आईफोन और आईपैड के पुराने वर्जन को निशाना बना रहा था, जबकि नए वर्जन वाले आईफोन और आईपैड की जानकारी जुटा रहा था। साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, हमलावरों ने ऑप्टिमाइजली के ‘प्रोजेक्ट जावास्क्रिप्ट‘ फीचर में अपना कोड डाल दिया था।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
