प्रशिक्षण-बैठक को अतिरिक्त छुट्टी नहीं, शिक्षकों को उसी दिन लौटना होगा घर, जानें क्या है पूरा आदेश
कार्यालय संवाददाता — शिमला
सरकारी स्कूलों में शिक्षकों और गैर-शिक्षक कर्मचारियों की अनावश्यक अनुपस्थिति पर शिक्षा विभाग ने सख्त हो गया है। अब ड्यूटी स्थल से 50 किलोमीटर के दायरे में आयोजित होने वाली सरकारी ट्रेनिंग, बैठकों, सेमिनार और अन्य विभागीय कार्यों में भाग लेने के लिए कर्मचारियों को आने-जाने के नाम पर अतिरिक्त दो दिन नहीं मिलेंगे। पर्याप्त परिवहन सुविधा उपलब्ध होने की स्थिति में कर्मचारियों को कार्यक्रम में शामिल होकर उसी दिन वापस लौटना होगा। साथ ही अगले कार्यदिवस पर अपने स्कूल या कार्यालय में नियमित उपस्थिति दर्ज करवानी होगी। निदेशालय स्कूल शिक्षा ने इस संबंध में प्रदेश के सभी माध्यमिक, प्रारंभिक एवं गुणवत्ता उपनिदेशकों को निर्देश जारी कर व्यवस्था का सख्ती से पालन करवाने को कहा है।
विभाग के संज्ञान में आया है कि कई कर्मचारी 50 किलोमीटर तक की दूरी पर आयोजित प्रशिक्षण और बैठकों में शामिल होने के लिए एक दिन पहले रवाना होते हैं और अगले दिन वापस लौटते हैं। इससे विभागीय कार्यक्रम के अलावा दो अतिरिक्त दिन भी ड्यूटी से बाहर रहने की स्थिति बनती है। विभाग ने अब इस व्यवस्था पर रोक लगाते हुए स्पष्ट किया है कि कम दूरी और पर्याप्त यातायात सुविधा होने पर उसी दिन आवाजाही करनी होगी। शिक्षकों के अतिरिक्त दिनों तक स्कूल से बाहर रहने के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती है। विभाग चाहता है कि प्रशिक्षण और बैठकों में कर्मचारियों की भागीदारी भी बनी रहे और स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था पर भी इसका असर न पड़े। शिक्षा निदेशालय ने सभी उपनिदेशकों को निर्देश दिए हैं कि आदेशों की जानकारी अधीनस्थ स्कूलों, संस्थानों और कार्यालयों के प्रमुखों तक पहुंचाई जाए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
