एक महीने में फाइनल होगी नई औद्योगिक नीति, उद्योग मंत्री ने कहा, इन फर्मों को देंगे प्राथमिकता
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान बोले, रोजगार और राजस्व बढ़ाने वाली फर्मों को देंगे प्राथमिकता
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-शिमला
सरकार की नई औद्योगिक नीति अगले 15 दिन से एक महीने के भीतर फाइनल हो जाएगी। प्रदेश सरकार इस बार बड़े निवेश के आंकड़ों के बजाय रोजगार सृजन, सरकारी राजस्व और टैक्स में योगदान देने वाले उद्योगों को प्राथमिकता देगी। अधिक बिजली और पानी की खपत करने के बावजूद कम रोजगार देने वाली औद्योगिक इकाइयों को प्रोत्साहित करने के पक्ष में सरकार नहीं है। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने सचिवालय में मीडिया से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी। उद्योग मंत्री ने बताया कि प्रदेश में वर्ष 2019 में लागू औद्योगिक नीति में बदलाव किए जा रहे हैं। नई नीति तैयार करने के लिए पर्यावरण, राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और आबकारी एवं कराधान सहित विभिन्न विभागों से सुझाव मांगे गए हैं।
कुछ विभागों की टिप्पणियां प्राप्त हो चुकी हैं, जबकि अन्य विभागों के जवाब का इंतजार है। सभी सुझावों और टिप्पणियों पर विचार करने के बाद नई नीति को अंतिम रूप दिया जाएगा। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि सरिया बनाने वाली एक छोटी औद्योगिक इकाई भी 15 से 20 मेगावाट बिजली की खपत करती है। इतनी बिजली से कई छोटी औद्योगिक इकाइयां स्थापित की जा सकती हैं।
राज्य में लैंड बैंक विकसित करने पर फोकस
प्रदेश में फार्मा उत्पादन की करीब 35 प्रतिशत हिस्सेदारी होने के बावजूद उद्योगों को जमीन उपलब्ध करवाना चुनौती बना हुआ है। उद्योग मंत्री के अनुसार सरकार औद्योगिक क्षेत्रों में लैंड बैंक विकसित करने की दिशा में काम कर रही है, ताकि निवेशकों को जमीन उपलब्ध करवाने में परेशानी न हो। मेडिकल डिवाइस पार्क सहित विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश में 30 से 40 हजार करोड़ रुपए के निवेश की संभावनाएं हैं।
वन-टू-वन बातचीत से आएगा निवेश
पिछली इन्वेस्टर मीट का उल्लेख करते हुए हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि उस दौरान करीब 1.25 लाख करोड़ रुपए के एमओयू साइन हुए थे, लेकिन धरातल पर वास्तविक निवेश लगभग 27 हजार करोड़ रुपए ही पहुंच पाया। इस बार सरकार बड़े निवेशक समूहों के साथ वन-टू-वन बातचीत कर निवेश आकर्षित करेगी। कंपनियों की निवेश क्षमता, टर्नओवर, रोजगार सृजन, सरकारी राजस्व और टैक्स में योगदान के आधार पर निवेश प्रस्तावों का आकलन किया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

