गलोड़ में सजेगा शिविर, सीएम करेंगे शुभारंभ
कांगू, रैल के बाद स्वास्थ्य जांच शिविर अब गलोड़ में, हर बीमारी का विशेषज्ञ करेंगे चैकअप
दिव्य हिमाचल ब्यूरो – हमीरपुर
जिला हमीरपुर में कांगू और रैल के बाद अब गलोड़ में प्रदेश सरकार का स्वास्थ्य जांच शिविर होने जा रहा है। गुरुवार को मु यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू इस शिविर का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री के गलोड़ के प्रस्तावित दौरे और वहां स्वास्थ्य जांच शिविर के आयोजन के मद्देनजर प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और अन्य विभागों की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बता दें कि नादौन उपमंडल में पहले भी कांगू और रैल में इसी तरह के कार्यक्रम एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जा चुके हैं।
इन्हीं की तर्ज पर गलोड़ में भी स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया जा रहा है। स्वास्थ्य जांच शिविर में जनरल मेडिसिन, ईएनटी, हड्डी रोग, नेत्र रोग, शल्य चिकित्सा, महिला रोग, बाल रोग, मानसिक रोग, दंत रोग, न्यूरो सर्जरी, हृदय रोग और कई अन्य रोगों के स्पेशलिस्ट एवं सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर लोगों का चेकअप करेंगे। इस दौरान मेडिकल कालेज टांडा और मेडिकल कालेज हमीरपुर के स्पेशलिस्ट एवं सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर भी अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। इनके अलावा आयुर्वेद और हो योपैथी के विशेषज्ञ भी अपनी सेवाएं देंगे। शिविर में अल्ट्रासाउंड, एक्सरे और कई अन्य टैस्टों की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इस दौरान मुख्यमंत्री लोगों को तंबाकू मुक्त युवा अभियान के तहत शपथ भी दिलाएंगे। गौरतलब है कि सरकार द्वारा पहली बार कांगू में आयोजित किए गए इस तरह के स्वास्थ्य जांच शिविर में लगभग 2 हजार लोगों का हेल्थ चैकअप किया गया था। गाइनी यानि स्त्री रोग विभाग की ओपीडी में सर्वाधिक 365 महिलाओं ने चैकअप करवाया। ऑरथो यानि हड्डी रोग के विशेषज्ञों ने 253 और मेडिसिन विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने 236 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
